CY न्यूज़

Tuesday, 8 June 2021

वैष्णो देवी मंदिर परिसर में लगी भीषण आग, प्राकृतिक गुफा से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई घटना


जम्मू:- जम्मू के कटरा स्थित वैष्णो देवी मंदिर के परिसर में भीषण आग लग गई है। मंदिर परिसर में कालिका भवन के पास काउंटर न.2 के पास यह आग लगी है। फिलहाल राहत व बचाव कार्य जारी है। अब तक इस घटना मे किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।सूचना के मुताबिक प्राकर्तिक गुफा से महज सौ मीटर की दूरी पर यह आग लगी है। आग की लपटें भैरो घाटी तक दिखाई दे रही है। कहा जा रहा है कि वीआईपी गेट के पास काउंटिंग रूम में शार्ट सर्किट होने के कारण यह आग लगी है। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया है।आग लगने से परिसर में मौजूद एक काउंटर पूरी तरह से जलकर राख हो गया है। हर महीने लाखों श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। हालांकि गनीमत रही कि यह घटना कोरोना से निपटने के लिए पाबंदियों के दौरान हुई है। इसके चलते वहां ज्यादा संख्या में लोग मौजूद नहीं थे। यदि यह घटना आम दिनों में हुई तो श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी अनहोनी भी हो सकती थी। बता दें कि वैष्णो देवी मंदिर परिसर के साथ ही बड़ी संख्या में इमारतें बनी हुई हैं, जिनमें श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन आदि की व्यवस्था रहती है।


इस घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर से आने वाले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि कुछ वक्त पहले वैष्णो देवी में आग लग गई थी, लेकिन फिलहाल उस पर काबू पा लिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगले कुछ घंटों तक हमें बारीकी से नजर रखनी होगी।

No comments:

Post a Comment