कंकरखेड़ा थाना प्रभारी तपेश्वर सागर ने बताया कि रोहटा रोड स्थित तेज विहार निवासी मामचंद यादव के घर के बाहर से चोरों ने 31 मई की रात महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी कर लिया था। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी थी। पुलिस तभी से चोरों की तलाश में जुट गई थी। शनिवार को पुलिस सरधना रोड पर चेकिंग कर रही थी। एक बाइक सवार तीन युवकों को आता देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख युवक बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को धर दबोचा। पुलिस तीनों युवकों को थाने ले गई। पूछताछ में तीनों ने बताया कि उन्होंने रोहटा रोड स्थित तेज विहार से 31 मई को एक ट्रैक्टर चोरी किया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया ट्रैक्टर बरामद कर लिया। तीनों आरोपियों की पहचान नीटू निवासी ग्राम खूंटी, मोहित निवासी ग्राम सरूरपुर थाना दोघट जिला बागपत, सन्नी निवासी लपराना थाना झिंझाना शामली के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।

No comments:
Post a Comment