CY न्यूज़

Thursday, 29 July 2021

पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों पर मुकदमा दर्ज।


मेरठ 29 जुलाई (चमकता युग) राष्ट्रीय अंसारी एकता संगठन द्वारा कारगिल विजय दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगवाने की बात कहने वालों के खिलाफ पुलिस ने बुधवार को तीन नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। संगठन के युवा जिलाध्यक्ष सद्दाम अंसारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बुधवार को थाने पहुंचकर एसपी देहात ने भी घटना की जानकारी ली।

मोहल्ला किलाखेवान निवासी एवं राष्ट्रीय अंसारी एकता संगठन के जिलाध्यक्ष सद्दाम ने मंगलवार को दी तहरीर में बताया कि संगठन द्वारा मंगलवार को कारगिल विजय दिवस के मौके पर शहीदों के सम्मान में देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।इसी बीच नूर हसन, शाबिर, इंतजार व कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे। उन्होंने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने को कहा। विरोध करने पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। चेयरपर्सन शबीला अंसारी के पुत्र शाहवेज अंसारी के हाथ से माइक छीन लिया।

बुधवार को एक अन्य मामले में सरधना थाने पहुंचे एसडीएम व एसपी देहात ने इस मामले में सीओ आरपी शाही से जानकारी ली और तत्काल मुकदमा दर्ज कराकर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की बात कही। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नूर हसन, साबिर, इंतजार व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ आरपी शाही का कहना है कि तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर मामले की विवेचना कराई जा रही है।

आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
मोहल्ला किलाखेवान में शहीदों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगवाने के प्रकरण में बजरंगदल के विभाग संयोजक मिलन सोम, जिला संयोजक मनु त्यागी, अर्जुन राणा, हरीश सैनी, गो रक्षा प्रमुख विपिन सिंह व अन्य कार्यकर्ताओं ने बुधवार को एसडीएम अमित कुमार भारतीय को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में तत्काल मामले के आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह की धारा में मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तारी की मांग की। उनके ज्ञापन पर तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। एसडीएम ने मामले में मुकदमा दर्ज कराकर जांच कराने की बात कही।

No comments:

Post a Comment