कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम रोहटा रोड पर कुछ युवक हाईस्पीड बाइक से स्टंट कर रहे थे। एक युवक ने अपनी बाइक से सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। बाइक की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि बुजुर्ग टक्कर लगने के कारण लहूलुहान हो गए। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एक आरोपी को मौके पर पब्लिक ने दबोच लिया, जबकि दूसरा स्टंटबाज मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर ने बताया कि मृतक की पहचान विजय गुप्ता (65) निवासी आदर्श नगर कालोनी के रूप में हुई। विजय गुप्ता के बेटे एयरफोर्स में तैनात हैं। विजय गुप्ता किसी काम से रोहटा बाईपास गए थे। बाईपास से लौटते वक्त रोहटा रोड पर स्टंटबाजों ने उन्हें टक्कर मार दी। बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान बुढ़ाना गेट निवासी बिट्टू कश्यप के रूप में हुई है। पीड़ित परिवार ने थाने पर घटना की तहरीर दी है। कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा।

No comments:
Post a Comment