भूनी गांव निवासी संजय 45 वर्ष पुत्र सतीश एपीएस कॉलेज में चौकीदार था। मंगलवार सुबह वह ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहा था जैसे ही वह गांव के सामने पहुंचा तो मेरठ की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर ग्रामीण भारी संख्या में एकत्र हो गए और जाम लगा दिया। वहीं, हादसे के दो घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया और वे एसएसपी को बुलाने की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों की मांग थी कि मौके पर डीएम और एसएसपी आकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा करें। जाम की सूचना पर सीओ सरधना आरपी शाही और एसडीएम सरधना अमित भारतीय भी मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों को समझाते हुए मुआवजा दिलाने का भी आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम खुलने के बाद थाना पुलिस ने भी राहत की सांस ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। हादसे की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य अनिकेत त्यागी भी मौके पर पहुंचे।

No comments:
Post a Comment