Friday, 20 August 2021

फर्जी आधार कार्ड बनाने का मामला: बिहार के सरगना की तलाश में जुटी टीम, जल्द होगा गिरफ्तार, फिर खुलेंगे बड़े राज


मेरठ 20 अगस्त(चमकता युग) मेरठ के मोदीपुरम की दुर्गा कॉलोनी में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह के एक सदस्य की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब बिहार में बैठे इस गिरोह के सरगना को पकड़ने की तैयारी में जुट गई है। सरगना को पकड़ने की जिम्मेदारी एसओजी को सौंपी गई है। एसओजी ने सरगना के मोबाइल नंबर को लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

बता दें कि तीन दिन पहले सर्विलांस सेल व पल्लवपुरम पुलिस ने मोदीपुरम की दुर्गा कॉलोनी निवासी हरिशंकर को गिरफ्तार किया था। हरिशंकर ने बिहार निवासी अभिनव के लिए एक सोफ्टवेयर बनाकर दिया था और बाद में अभिनव के साथ मिलकर फर्जी आधार कार्ड बनाने का कार्य शुरू किया। पिछले दो साल से हरिशंकर यह कार्य कर रहा था। वह इस कार्य को करने से दो साल में ही लखपति बन गया। 

वहीं हरिशंकर की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस बिहार में बैठे सरगना अभिनव की तलाश में जुट गई है। अभिनव ने ही बिहार, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में साइट बनाकर फर्जी आधार कार्ड बनाने का नेटवर्क फैला रखा है। वह हरिशंकर जैसे युवकों को अपने चुंगल में फंसाकर काम देता है और उनके खाते में उनके हिस्से के पैसे ट्रांसफर करता है। 

एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया कि सर्विलांस सेल व पल्लवपुरम पुलिस इस मामले में पहले से ही जुटी हुई है। पुलिस ने आरोपी हरिशंकर से अभिनव का मोबाइल नंबर प्राप्त कर लिया है। अब इस गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी को लेकर अधिकारियों के निर्देश पर एसओजी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसओजी ने पूरे प्रकरण की जानकारी व अभिनव का मोबाइल नंबर लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है। 

एसपी क्राइम अनित कुमार का कहना है कि गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। उन्होंने कहा आरोपी सरगना की गिरफ्तारी के बाद इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।


No comments:

Post a Comment

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...