Monday, 23 August 2021

रक्षाबंधन पर मिठाई विक्रेता का बेटा लापता, बदमाशों ने खून निकालकर छोड़ा, बदहवास हालत में घर पहुंचा वंश


मेरठ 23 अगस्त (चमकता युग) मेरठ के पल्लवपुरम फेज-2 में मिठाई विक्रेता लाल सिंह का 12 वर्षीय बेटा वंश नालंदा विद्यापीठ के पास अपने दोस्त के यहां जाने की बात कहकर घर से निकला था। मगर, देर शाम तक भी नहीं लौटा। तलाश करने के बाद भी पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। वहीं, रात करीब दस बजे बच्चा बदहवास हालत में घर पहुंचा तो परिजन   घबरा गए।

बाद में उसने बताया कि दोस्त के घर के पास से बाइक सवार बदमाश उसे और दो अन्य बच्चों को लेकर गए थे। उन्होंने सीरिंज से उनके शरीर का खून निकाला और धमकी देते हुए आरएन इंटरनेशनल स्कूल के पास फेंक गए। लाल सिंह की क्षेत्र में ही अमित स्वीट्स के नाम से दुकान है। उनके मुताबिक, रविवार दोपहर तक वंश घर पर ही था। दोपहर बाद करीब ढाई बजे वह दोस्त के पास किताब लेने की बात कहकर घर से गया था। काफी देर तक भी वह घर नहीं लौटा तो उनकी चिंता बढ़ गई। उन्होंने आसपास काफी तलाश किया। शाम तक वह नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी।

परिजनों के अनुसार रात में वंश लौटा तो वह बदहवास हालत में था। उसने इतना ही बताया कि बाइक सवार बदमाश किसी जगह पर ले गए थे और वहां तीन बच्चों का खून निकाला गया। थाना प्रभारी देवेश कुमार का कहना है कि अभी यह पता नहीं चला है कि बच्चों को ले जाने और खून निकालने के पीछे क्या वजह रही। इसकी जांच की जा रही है। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि बच्चों को ले जाने के पीछे तंत्र मंत्र की कोशिश भी हो सकती है। वंश एक स्कूल में क्रिकेट का अभ्यास भी करता है।


No comments:

Post a Comment

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...