CY न्यूज़

Sunday, 5 September 2021

जर्जर छत गिरने से महिला की मौत, पुत्र घायल


मेरठ 05 सितंबर (चमकता युग) कुराली गांव में किसान के मकान की जर्जर कच्ची छत शनिवार देर शाम भरभराकर गिर गई। छत के मलबे में दबने से किसान की पत्‍‌नी व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गये। अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत हो गई। जबकि पुत्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

कुराली गांव निवासी हरिओम किसान है और कच्ची छत के मकान में गांव में परिवार के साथ रहता है। शनिवार देर शाम हरिओम पत्‍‌नी नीरज व पुत्र वरदान के साथ कमरे में बैठकर खाना खा रहा था। बारिश से जर्जर हुई मकान की छत भरभराकर तीनों के ऊपर गिर गई। मलबे में हरिओम उसकी पत्‍‌नी नीरज व पुत्र वरदान दब गये। आवाज सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मशक्कत कर हरिओम, नीरज व वरदान को मलबे के नीचे से निकाला। हरिओम को मामूली चोट आयी। लेकिन नीरज व वरदान गंभीर रूप से घायल हो गये। ग्रामीण दोनों घायलों को मेरठ अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन डाक्टरों ने हरिओम की पत्नी नीरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं वरदान की हालत गंभीर है।

No comments:

Post a Comment