मेरठ 07 नवंबर (चमकता युग) प्रेमी से बात कर रही एक विधवा भाभी को रविवार को उसके देवर ने पीट पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। उन्होंने बमुश्किल महिला को आरोपित देवर से बचाया। इतने में पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपित को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला के मुताबिक करीब पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। महिला के चार साल का एक बेटा है। शादी के कुछ दिनों बाद पति के एड्स पीड़ित होने का पता चला। गंभीर बीमारी के चलते महिला के पति ने जहरीला इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद महिला अपने बेटे के साथ ससुराल में रहने लगी। इसी बीच उसका प्रेम प्रसंग क्षेत्र में रहने वाले रिंकू नाम के युवक से हो गया। रविवार सुबह महिला रिंकू से बात कर रही थी। तभी उसका देवर आ गया और उनमें कहासुनी हो गई। आरोप है कि देवर ने अपनी विधवा भाभी की पिटाई कर दी। जिस वजह से वह लहूलुहान हो गई। हालांकि इस मामले में महिला से बात की गई तो उसने बताया कि पति की मृत्यु के बाद उसने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई थी। लेकिन उसकी रिपोर्ट निगेटिव थी। ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी दिनेश चंद शर्मा का कहना है कि महिला की शिकायत पर देवर को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने समझौते के लिए समय मांगा है, इसके बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment