CY न्यूज़

Sunday, 6 March 2022

शिक्षित व जागरूक नारी ही समाज को सशक्त बनाएगी-स्तुति नारायण कक्कड, कुलाधिपति सुभारती विश्वविद्यालय।

सुभारती लॉ कॉलिज के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय वाद विवाद प्रतियोगिता में प्राप्त किया विशेष सम्मान।

मेरठ 06 मार्च (CY न्यूज) नई दिल्ली के राउज़ एवेन्यू कोर्ट के सभागार में दिल्ली स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी एवं भागीदारी जन सहयोग समिति के द्वारा महिला दिवस के उपलक्ष में ‘‘महिलाओं पर अत्याचार का कारण कानूनी कमजोरी नही, बल्कि सामाजिक चेतना का आभाव है‘‘ के विषय पर राष्ट्रीय वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं पूर्व आई.ए.एस स्तुति नारायण कक्कड ने की। राष्ट्रीय स्तर की वाद विवाद प्रतियोगिता में देशभर के विश्वविद्यालयों एवं कॉलिजों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सुभारती लॉ कॉलिज के विद्यार्थी नेहा सिंह एवं अभयजीत त्यागी ने विशेष सम्मान प्राप्त किया।भागीदारी जन सहयोग समिति के सेक्रेट्री जनरल विजय गौड़ ने कार्यक्रम अध्यक्ष सुभारती विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं पूर्व आई.ए.एस स्तुति नारायण कक्कड को पौधा देकर स्वागत किया। दिल्ली स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी के स्पेशल सेक्रेट्री गौतम मनान ने दिल्ली स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी के द्वारा न्याय के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यो एवं इसके उद्देश्यों से सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम अध्यक्ष सुभारती विश्वविद्यालय की कुलाधिपति स्तुति नारायण कक्कड ने कहा कि अधिकारों से जागरूक होने के बाद ही नारी के प्रति अत्याचार को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समाज में अपने आप को स्थापित करने के लिये शिक्षा ग्रहण करना बहुत आवश्यक है और हमारे समाज के पुरूषों का यह दायित्व है कि वह महिलाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करके उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि कानून के प्रति जागरूकता के आभाव में नारियों का अधिक शोषण होता है लेकिन सामाजिक जागरूकता से इस समस्या का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने विशेष बताया कि सुभारती विश्वविद्यालय में पचास प्रतिशत से अधिक संख्या में छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रही है एवं विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को सशक्त व जागरूक बनाने का कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रीय वाद विवाद प्रतियोगिता में सुभारती लॉ कॉलिज के बी.ए.एल.एल.बी की चतुर्थ वर्ष की छात्रा नेहा सिंह व बी.ए.एल.एल.बी द्वितीय वर्ष के छात्र अभयजीत त्यागी ने तर्क रखते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने पर विशेष पुरूस्कार प्राप्त किया। दोनो विद्यार्थियों को दिल्ली स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी के सेक्रेट्री एवं अतिरिक्त ज़िला सत्र न्यायाधीश श्री कमलजीत अरोड़ा, दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर संजय सिंह, दिल्ली की अतिरिक्त जिला न्यायाधीश मिस नम्रता अग्रवाल एवं भागीदारी जन सहयोग समिति के सेक्रेट्री जनरल विजय गौड़ ने प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिहृ देकर सम्मानित किया। सुभारती लॉ कॉलिज के डीन डा.वैभव गोयल भारतीय ने दिल्ली स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी एवं भागीदारी जन सहयोग समिति को धन्यवाद प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सुभारती विश्वविद्यालय के आदर्शों का सम्मान है, जो समाज में संविधान के मूल्यों को स्थापित करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल सुभारती लॉ कॉलिज द्वारा न्याय को सर्वसुलभ बनाने हेतु विधि के ज्ञान से विद्यार्थियों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने विशेष बताया कि सुभारती लॉ कॉलिज द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समय समय पर विधिक जागरूकता शिविर लगाया जाता है और विशेष रूप से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करके उन्हें न्यायिक प्रक्रिया का ज्ञान देकर विधिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय समाज हित में प्रतिबद्धता के साथ कार्य करके नारियों के उत्थान हेतु विशेष कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान एवं समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डा.मनोज कुमार त्रिपाठी, मीडिया मैनेजर अनम शेरवानी सहित देशभर के शिक्षाविद, पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment