मेरठ 14 अप्रैल (CY न्यूज़) कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की शिवलोक पुरी कॉलोनी में शराब पीने से मना करने पर पति ने अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद थाने पहुंचकर समर्पण कर दिया। मृतका सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। शिवलोक पुरी कॉलोनी निवासी देवेंद्र पुत्र नत्थू सिंह ने 13 साल पहले श्रद्धापुरी सेक्टर 3 की प्रतिमा से लव मैरिज की थी। प्रतिमा सरधना क्षेत्र के नानू गांव में प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका थी। मृतका के भाई विशाल ने बताया कि आरोपी देवेंद्र शराब पीता था। शराब पीने का विरोध करने पर देवेंद्र अपनी पत्नी को धमकी देता था और मारपीट करता था। गुरुवार को भी आरोपी ने अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। प्रतिमा ने अपने पति को शराब पीने से मना किया। विवाद बढ़ने पर प्रतिमा ने अपने पति देवेंद्र को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए देवेंद्र ने अपने अपनी पत्नी पर हथोड़े से वार किए और इसके बाद चाकू से गर्दन रेतकर हत्या कर दी। खून से सना चाकू और खून से लथपथ कपड़ों के साथ आरोपी कंकरखेड़ा थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी देकर समर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस आरोपित के घर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। प्रतिमा का बेटा आशु सरकारी स्कूल में पढ़ता है। एस.पी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौके से चाकू और हथोड़ा बरामद कर लिया है। विशाल ने दहेज के लिए अपनी बहन की हत्या का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है।

No comments:
Post a Comment