CY न्यूज़

Wednesday, 13 April 2022

घरेलू कलह के कारण ट्रेन के आगे कूदकर क्राइम ब्रांच में तैनात दरोगा ने दी जान।

मेरठ 12 अप्रैल (CY न्यूज़) क्राइम ब्रांच में तैनात दरोगा अजय कुमार ने मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी है। उनकी जेब में एक पर्ची मिली थी, जिनसे पहचान हुई है। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस की प्राथमिक जांच में पत्नी से विवाद होने के चलते दरोगा ने यह कदम उठाया है। एस.पी सिटी विनीत भटनागर के मुताबिक दरोगा अजय कुमार पुत्र महिपाल सिंह मूलरूप से शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र के ऊन गांव के निवासी थे। उनकी पत्नी, बेटा और बेटी परतापुर क्षेत्र के शताब्दी नगर में किराए के मकान में रहते हैं। पांच अप्रैल को अजय कुमार ने तीन दिन की छुट्टी ली थी। आठ अप्रैल को उन्हें अपनी आमद दर्ज करानी थी। लेकिन वह नहीं पहुंचे। नौ अप्रैल को अजय की गैर हाजरी सिविल लाइन थाने में लिखी गई। परिवार के लोगों ने काफी तलाश करने के बाद परतापुर थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस व परिवार के लोग तभी से दरोगा की तलाश कर रहे थे। सोमवार रात सिटी रेलवे स्टेशन पर योगा एक्सप्रेस ऋषिकेश से अहमदाबाद जाने वाली ट्रेन के सामने कूदकर एक व्यक्ति ने जान दे दी। जी.आर.पी ने व्यक्ति की जेब से एक पर्ची निकाली। जिस पर दरोगा अजय कुमार क्राइम ब्रांच मेरठ लिखा हुआ था। जी.आर.पी ने सदर बाजार पुलिस से संपर्क किया। उसके बाद शव की पहचान दरोगा अजय कुमार के रूप में हो गई। दरोगा की मौत की जानकारी लगते ही एस.एस.पी प्रभाकर चौधरी, एस.पी सिटी विनीत भटनागर और ए.एस.पी केंट सूरज राय पुलिस टीम के साथ सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। जानकारी लगने पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। एस.पी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि पुलिस की प्राथमिक जांच में पत्नी से झगड़ा होने के चलते दरोगा ने यह कदम उठाया। अभी पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment