CY न्यूज़

Tuesday, 21 June 2022

पत्नी को बंधक बनाकर सिगरेट से दागता था तांत्रिक पति।

मेरठ 20 जून (CY न्यूज) मेरठ में एक तांत्रिक द्वारा अपनी पत्नी को बंधक बनाकर सिगरेट से दागने का मामला सामने आया है। महिला किसी तरह से अपने तांत्रिक पति के चंगुल से छूटकर मायके पहुंची और उसने आप बीती बताई। महिला की हालत देखकर परिजन भी दंग रह गए। उसके मायके वाले एक बार तो पहचान ही नहीं सके। मायके वालों ने पीड़िता की आप बीती सुनकर उसको लेकर थाने पहुंचे और तांत्रिक के खिलाफ तहरीर दी। महिला ने बताया कि तांत्रिक पहले उसको सिगरेट से दागता था। लेकिन जब वह शोर मचाती थी तो उसकी आवास सुनकर आस-पड़ोस के लोग आ जाते थे। जिसके बाद तांत्रिक ने पत्नी को नशीला पदार्थ देना शुरू किया। किसी तरह तांत्रिक के चंगुल से छूटकर मायके पहुंची और आप बीती परिजनों को बताई। महिला की हालत देखकर सभी के होश उड़ गए। पुलिस में दी तहरीर के मुताबिक लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी विवाहिता की शादी करीब चार साल पहले लावड़ के रहने वाले युवक से हुई थी। शादी के डेढ़ साल बाद महिला को पति के तंत्र क्रिया करने के बारे में पता चला। इस वजह से दंपती में लड़ाई होने लगी। महिला मायके आ गई। तीन माह पहले महिला को बहलाकर तांत्रिक पत्नी को साथ ले गया। आरोप है कि संबंध बनाने से मना करने उसने पत्नी को सिगरेट से दागना शुरू कर दिया। दो दिन पहले तांत्रिक बाजार गया था। तभी विवाहिता ताला तोड़कर फरार हो गई और श्यामनगर पहुंच गई। महिला परिजनों के साथ थाने पहुंची और तहरीर दी। सी.ओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment