CY न्यूज़

Saturday, 18 June 2022

पति और बेटों से परेशान महिला जहर की पुड़िया लेकर पहुंची एस.एस.पी ऑफिस।

मेरठ 18 जून (CY न्यूज) पति और बेटों से परेशान होकर एक महिला शनिवार को जहर की पुड़िया लेकर एस.एस.पी कार्यालय पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने जब पीडित महिला की तलाशी ली तो उसके पास से जहर की पुड़िया बरामद हुई। इस दौरान एस.एस.पी कार्यालय में हड़कंप मच गया। इसके बाद महिला को पुलिस कस्टडी में महिला थाने भेज दिया गया। वहां पर महिला ने आपबीती बताई। महिला थाना प्रभारी ने पीडिता को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए घर भेज दिया। थाना टीपीनगर क्षेत्र की गुप्ता कालोनी निवासी मिथिलेश ने बताया कि पति गजेंद्र और दो बेटे उसे परेशान कर रहे हैं। दो साल पहले उसने बेटी की शादी की थी। जिसके लिए उसने प्लाट बेच दिया था। बचे हुए रुपये पति और दोनों बेटों को दे दिए। अभी उसके नाम एक प्लाट और है महिला का आरोप है कि पति और दोनों बेटे उसको बेचकर रुपये देने के लिए कहते हैं। मना करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। टीपी नगर थाने में भी शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने कहा कि पति खर्चा भी नहीं देता है। यदि उसने प्लाट बेच दिया तो उसका जीवन कैसे चलेगा। इसलिए वह शनिवार को शिकायत लेकर एस.एस.पी कार्यालय आई थी। उसने बताया कि अगर आज उसकी यहां भी नहीं सुनी जाती तो पुलिस आफिस में जहर खाकर जान दे देती। लेकिन उससे पहले ही तलाशी के दौरान महिला के पास से पुलिसकर्मियों ने जहर की पुड़िया बरामद कर ली।

No comments:

Post a Comment