CY न्यूज़

Tuesday, 19 July 2022

खनन माफिया का तांडव।

डी.एस.पी को डंपर से कुचला, मौके पर हुई मौत।

नूंह/मेवात (एजेंसी) 19 जुलाई (CY न्यूज) हरियाणा के नूंह जिले में खनन माफिया की हैवानियत सामने आई है। खनन माफिया से जुड़े लोगों ने नूंह जिले के तावड़ू में तैनात डी.एस.पी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई पर डंपर चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना गुरुग्राम से सटे नूंह जिला के तावडू थाना क्षेत्र के गांव पचगांव की है। बताया जा रहा है कि गांव से सटी अरावली पहाड़ी पर अवैध रूप से खनन किए जाने की सूचना डी.एस.पी (तावडू) सुरेंद्र सिंह बिश्नोई को मिली थी। इसके बाद मंगलवार सुबह 11 बजे वह अपनी टीम के साथ पहुंचे। उधर, पुलिस टीम को देख पहाड़ी के पास खड़े डंपर लेकर उनके चालक और खनन में लगे लोग भागने लगे। वाहन रोकने के लिए डी.एस.पी आगे आए तो डंपर चालक ने उनके ऊपर वाहन चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया। डंपर के टायर के नीचे आने से डी.एस.पी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एस.पी नूंह वरुण सिंगला मौके पर पहुंचे हैं। डी.एस.पी मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे। घटना के दौरान वह खनन माफिया पर लगाम लगाने के मकसद से मौके पर पहुंचे थे। अवैध खनन की सूचना सुरेंद्र सिंह बिश्नोई को फोन के जरिये मिली थी। इसके बाद वह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान देखते-देखते खनन माफिया ने नूंह जिले के डी.एस.पी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई पर डंपर चढ़ा दिया, जिससे उनकी जान चली गई। हरियाणा में यह पहला मामला है, जब खनन माफिया ने किसी डी.एस.पी को डंपर से कुचलकर मार डाला हो। प्राथमिक जानकारी के आधार पर बताया जा रहा है कि इसी साल डी.एस.पी सुरेंद्र सिंह सेवानिवृत्त होने वाले थे। इसके बाद वह पुलिस की नौकरी में आने से पहले पशुपालन विभाग में अधिकारी थे।

No comments:

Post a Comment