मेरठ 15 जुलाई (CY न्यूज) दिल्ली हरिद्वार बाईपास स्थित वेदव्यास पुरी में किन्नर समाज सहित एल.जी.बी.टी श्रेणी में आने वाले लोगों के उत्थान हेतु क्वीन्स कैफे का उद्घाटन हुआ। कैफे का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाज सेविका ट्रान्स वूमन रामकली ने फीता काट कर किया। मुख्य अतिथि ट्रान्स वूमन रामकली ने कहा कि क्वीन्स कैफे एल.जी.बी.टी समुदाय से जुडे़ लोगों के लिये सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि किन्नर समुदाय हमारे समाज का मुख्य अंग है और उन्हें स्वतन्त्रता के साथ समाज के अन्य लोगों की भांति जीवन जीने का अधिकार है लेकिन उपेक्षा के कारण किन्नर समाज को समाज में सम्मान नही मिल पाता है, जो दुख का विषय है। उन्होंने क्वीन्स कैफे के संस्थापक अक्षयराज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किन्नरों के उत्थान सहित एल.जी.बी.टी श्रेणी में आने वाले सभी लोगों के लिये यह कैफे मददगार साबित होगा। क्वीन्स कैफे के संस्थापक अक्षयराज ने बताया कि क्वीन्स कैफे का उद्देश्य मूल रूप से किन्नर, ट्रांसजेन्डर एवं समलैंगिक वर्ग में आने वाले लोगां के उत्थान हेतु कार्य करना है। उन्होंने कहा कि क्वीन्स कैफे भारत का पहला ऐसा कैफे है जो एल.जी.बी.टी समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें राष्ट्रहित में कार्य करने हेतु प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि कैफे द्वारा किन्नरों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार पर विशेष कार्य किया जाएगा, साथ ही हर स्तर पर उनके विकास हेतु कार्य किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि क्वीन्स कैफे मानव कल्याण की दिशा में प्रतिबद्धता से कार्य करके एल.जी.बी.टी समुदाय के हित में हर सम्भव कार्य करेगा। इस मौके पर अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment