CY न्यूज़

Friday, 15 July 2022

सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने निशुल्क प्रीकॉशन डोज का शुभारंभ किया।

दूसरी डोज को छह माह पूरे होने पर प्रीकॉशन डोज अवश्य लगवाएं: सांसद।

मेरठ 15 जुलाई (CY न्यूज) कोविड का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। संक्रमण के लिए अनुकूल मौसम को देखते हुए सरकार ने 18 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी लोगों को कोविडरोधी टीके की निशुल्क प्रीकॉशन डोज देने का निर्णय लिया है। दूसरी डोज लगे छह माह का समय पूरा होने पर सरकारी टीकाकरण केंद्र पर अपनी निशुल्क प्रीकॉशन डोज अवश्य ले लें। तभी हम कोरोना से जंग जीत पाऐंगे। उक्त बातें शुक्रवार को सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने लाला लाजपत राय मेडिकल कालेज पर 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लाभार्थियों के लिए निशुल्क प्रीकॉशन डोज का शुभारंभ करते समय कहीं। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कोविडरोधी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। कोरोना का टीका शरीर में कोविड से लडने के लिये जो एंटी बॉडी बनाता है वह छह माह तक कोविड से बचाव के लिये सुरक्षा चक्र का निर्माण करती है। इसलिए दूसरी डोज लगने के छह माह प्रीकॉशन डोज लेना जरूरी है। कोविडरोधी टीका लेने के बाद यदि किसी को कोविड संक्रमण होता भी है तो वह उतना खतरनाक नहीं होता। इसलिए कोविडरोधी टीका अवश्य लगवाएं। इसके साथ ही हाथों की सफाई और खानपान का भी पूरा ध्यान रखें। बेहतर खानपान से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर बनी रहती है और कोविड समेत अन्य संक्रमणों से बचाव हो जाता है।

टीकाकरण केंद्र पर ऑन स्पॉट होगा पंजीकरण:

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.अखिलेश मोहन ने बताया दूसरी डोज को छह माह का समय पूरा होने पर 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लाभार्थी नजदीकी सरकारी टीकाकरण केंद्र पर जाकर निशुल्क प्रीकॉशन डोज ले सकते हैं। पहले यह निशुल्क सुविधा केवल 60 वर्ष से अधिक आयु वाले बुजुर्गों, स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए ही उपलब्ध थी। उन्होंने बताया टीकाकरण केंद्र जाने से पहले पंजीकरण या स्लॉट बुक करने की जरूरत नहीं है, सभी सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर ऑन स्पॉट पंजीकरण कर प्रीकॉशन डोज लगाई जा रही हैं। उन्होंने बताया निशुल्क प्रीकॉशन डोज का यह विशेष अभियान 75 दिनों यानी 30 सितंबर तक चलेगा। इस मौके पर मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा.आर.सी गुप्ता, मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डा.अशोक तालियान आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment