CY न्यूज़

Friday, 12 August 2022

प.बंगाल कोयला घोटाला मामला, ई.डी ने आठ आई.पी.एस अधिकारियों को जारी किया समन।


नई दिल्ली (एजेंसी) 11 अगस्त (CY न्यूज) पश्चिम बंगाल कोयला घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ई.डी) ने आठ आई.पी.एस अधिकारियों को समन जारी किया है। इसमें ई.डी ने उन्हें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जांच में शामिल होने के लिए तलब किया है। ई.डी के अधिकारियों ने गुरुवार को इसके बारे में बताते हुए कहा कि जिन लोगों को समन जारी किया गया है उनमें आई.पी.एस अधिकारी ज्ञानवंत सिंह, कोटेश्वर राव, एस सेल्वामुरुगन, श्याम सिंह, राजीव मिश्रा, सुकेश कुमार जैन और तथागत बसु शामिल हैं। ये सारे आई.पी.एस अधिकारी पश्चिम बंगाल से हैं। इन अधिकारियों से 21 अगस्त से 31 अगस्त के बीच कभी भी पूछताछ शुरू हो सकती है। सूत्रों ने कहा कि समन किए गए कुछ आई.पी.एस अधिकारियों को उस इलाके में तैनात किया गया था, जहां अवैध कोयला खनन और उसकी तस्करी हो रही थी। ई.डी की जांच में पता चला है कि आई.पी.एस अधिकारियों को कोयला तस्करी रैकेट के बारे में जानकारी थी, लेकिन इसके बावजूद उनके द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।

नकदी ट्रांसफर में सरकारी वाहनों का किया गया इस्तेमाल:

इसके अलावा सूत्रों ने इस बात का भी दावा किया है कि सरकारी वाहनों में नकदी ट्रांसफर किए जाने के कारनामें में भी कुछ पुलिस अधिकारी शामिल थे। गौरतलब है कि टी.एम.सी के युवा नेता और इस मामले के मुख्य आरोपी विनय मिश्रा कथित तौर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी हैं। उनसे भी इस साल मार्च में ईडी ने पूछताछ की थी। गौरतलब है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सी.बी.आई) ने कोयला तस्करी मामले में जांच शुरू की थी। इसके बाद ई.डी ने भी मामले में समानांतर जांच शुरू की थी। सी.बी.आई ने नवंबर 2020 में मामला दर्ज किया था।

No comments:

Post a Comment