महाराष्ट्र सरकार ने जांच के दिए निर्देश।
नई दिल्ली (एजेंसी) 04 सितंबर (CY न्यूज) टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का रविवार को निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक एक सड़क हादसे में साइरस मिस्त्री निधन हुआ है। सड़क हादसा मुंबई से सटे पालघर में हुआ। दुर्घटना के बाद साइरस मिस्त्री को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। साइरस मिस्त्री के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कासा ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है। टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री के निधन पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शोक संवेदना जताई है। उन्होंने इस हादसे को लेकर डी.जी.पी से बात की। समाचार एजेंसी ए.एन.आइ की रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने डी.जी.पी से इस सड़क दुर्घटना की विस्तृत जांच करने को कहा है। पालघर पुलिस अधिकारी ने बताया कि टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे तभी उनकी मर्सिडीज कार डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक कार में 4 लोग मौजूद थे जिनमें से साइरस मिस्त्री समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। हादसा कासा थाना क्षेत्र के सूर्या नदी पुल पर हुआ। पुलिस अधकारी ने बताया कि यह सड़क हादसा दोपहर करीब 3.15 बजे हुआ। साइरस मिस्त्री 54 वर्ष के थे। मालूम हो कि दिसंबर 2012 में रतन टाटा ने टाटा सन्स का चेयरमैन पद छोड़ दिया था। रतन टाटा के बाद साइरस मिस्त्री को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि चार साल के भीतर ही 24 अक्टूबर 2016 में उन्हें भी टाटा सन्स के चेयरमैन का पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद नए चेयरमैन के रूप में एन चंद्रशेखरन को जिम्मेदारी दी गई थी। बीते 28 जून को ही साइरस मिस्त्री के पिता पालोनजी मिस्त्री का 93 साल की उम्र में निधन हो गया था। साइरस मिस्त्री के निधन पर सियासी और उद्योग जगत की हस्तियों ने शोक संवेदना प्रकट की है। राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि दुखद समाचार... मेरे भाई साइरस मिस्त्री का निधन हो गया है। इस आकस्मिक घटना पर विश्वास नहीं हो रहा। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा-महाराष्ट्र के पालघर के पास एक सड़क दुर्घटना में टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री के दुर्भाग्यपूर्ण निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना। भगवान उसकी आत्मा को शांति दें। ऊं शांति।

No comments:
Post a Comment