Wednesday, 19 October 2022

भीमकुंड घाट पर डूबी नाव, 14 की बची जान, एक की मौत, एक लापता।

मेरठ 18 अक्टूबर (CY न्यूज) हस्तिनापुर में भीमकुंड घाट पर मंगलवार सुबह नाव डूब गई। नाव में आधा दर्जन सरकारी शिक्षक, किसानों सहित 16 लोग सवार थे। गंगा नदी में तेज बहाव के कारण यह हादसा हुआ। नाव पुल के पिलर से टकराई और दो टुकड़ों में बंट गई। नाव के डूबने से उसमें सवार 12 लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचायी। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी, एस.एस.पी सहित जनपद के तमाम आलाधिकारी घटनास्थ्ल पर पहुंचे। पी.ए.सी और एन.डी.आर.एफ की 4 टीमें रेस्क्यू में लगी, जिनकी मदद से दो लोगों को बाहर निकाला गया। एक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि एक लापता की तलाश देर रात तक नदी में की जाती रही। जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक भी मौके पर पहुंचे। देर रात रेस्क्यू जारी था और लोगों का हुजूम नदी में जमा था। घटना पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गहरा दुख व्यक्त किया है। हस्तिनापुर क्षेत्र के भीमकुंड गंगा घाट पर पुल की एप्रोच रोड टूटने से गंगा में अवैध नाव का संचालन किया जा रहा था। उद्घाटन के महज कुछ ही दिन बाद पुल गंगा में बह गया था। जिसके कारण किसान दूसरी पट्टी पर जाकर अपनी खेती के लिए नाव का उपयोग करते हैं। गंगा में तेज बहाव के कारण फिलहाल नाव को प्रशासन ने प्रतिबंधित कर रखा था। मंगलवार सुबह करीब दो दर्जन लोग और एक दर्जन को लेकर नाव बीच गंगा की धारा में पहुंची, तो नाव का संतुलन बिगड़ गया। तेज बहाव के चलते नाव अनियंत्रित हो गई। मल्हा ने नाव को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नाकाम रहा। नाव पुल के तीसरे पिलर से टकराकर टूट गई और गंगा की धारा में समा गई। नाव में आधा दर्जन सरकारी शिक्षक, किसान सवार थे। हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। किसी तरह 12 लोगों ने तैरकर अपनी जान बचायी। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। थाना पुलिस के अलावा आस-पास के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय प्रशासन के साथ एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू चलाया, जिसमें दो लोगों को बचा लिया गया। जबकि एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया। जिसकी पहचान मोनू पुत्र अनिल निवासी रावा मोहम्मदपुर जानी के रूप में हुई। जबकि महेश पाल पुत्र बालक राम निवासी प्रभात नगर हस्तिनापुर लापता है, जिसकी देर रात तक तलाश होती रही।

सरधना व गाजियाबाद से आयी बचाव टीमें:

हस्तिनापुर के ग्राम मनोहरपुर स्थित नारनौर गंगा पुल के नीचे नाव डूबने सूचना प्राप्त होते ही तत्काल जिला मजिस्ट्रेट एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने सरधना स्थित फ्लड पी.ए.सी की एक टीम मय बोट के तत्काल मौके पर बुलवायी। जिनके द्वारा त्वरित रूप से राहत व बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। जनपद गाजियाबाद स्थित एन.डी.आर.एफ से समन्वय स्थापित कर त्वरित रूप से एक टीम मंगाकर उक्त डूबे हुए व्यक्तियों की गहनता से खोजबीन करायी गयी।

'आप' ने प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार:

आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने हस्तिनापुर में हुई घटना के बाद कहा, हादसे का जिम्मेदार जिला प्रशासन व जन प्रतिनिधि हैं। आम आदमी पार्टी मृतक के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना प्रकट करती है। यह साफ जाहिर है कि यह जिला प्रशासन व जन प्रतिनिधि की घोर नाकामी का प्रमुख कारण है। काफी लम्बे समय से बाढ़ में सड़क बह जाने के कारण हस्तिनापुर से चांदपुर बिजनौर को जोड़ने वाला रास्ता बाढ़ में बह गया था, इसके बाद लगातार सरकारी नौकरी करने वाले कर्मचारी, शिक्षक, किसान, मजदूर अपनी जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे आने जाने को मजबूर थे। समय-समय पर तमाम क्षेत्रवासियों ने पुल मार्ग को चालू कराने की मांग जिला प्रसाशन व जन प्रतिनिधियों के समक्ष उठाई थी। इससे साफ जाहिर है, यह एक हादसा नहीं है, इसलिए तत्काल संबंधित विभागों के अधिकारीयों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्यवाही की जाए व मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।

No comments:

Post a Comment

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...