Tuesday, 1 March 2022

जनपद में मतदान सकुशल सम्पन्न होने पर डी.एम व एस.एस.पी ने दी बधाई।

प्रेक्षकों की निगरानी में गल्ला मण्डी परिसर में सम्पन्न हुआ संवीक्षा कार्य।

बहराइच (संवाददाता मोहम्मद इमरान मकरानी) 01 मार्च (CY न्यूज) विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के मतदान प्रकिया सम्पन्न होने के उपरान्त कृषि उत्पादन मण्डी समिति सलारपुर में प्रत्याशियों व उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं, मा.प्रेक्षकगणों की उपस्थिति में विधानसभावार पीठासीन अधिकारी की डायरी से मतदान प्रतिशत का मिलान कर मतदान कार्य की संवीक्षा की गयी। संवीक्षा कार्य के समय जिलाधिकारी डा.दिनेश चन्द्र व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी भी गल्ला मण्डी परिसर में मौजूद रहे। यहां पर जिलाधिकारी व एस.एस.पी ने मण्डी परिसर व स्ट्रांग रूम की सुरक्षा का जायजा लिया तथा सुरक्षा में तैनात सुरक्षाबल के अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उल्लेखनीय है कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 की मतदान प्रक्रिया शान्तिपूर्ण ढंग से सकुशल सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी डा.दिनेश चन्द्र व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों, राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों, निर्वाचन लड़ रहे प्रत्याशियों, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से पधारे हुए प्रेक्षकों, मीडिया प्रतिनिधियों विशेषकर पूरे उत्साह और उमंग के साथ लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने वाले सभी मतदाताओं सहित जनपदवासियों को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

महाशिवरात्रि पर गूंजे शिवाले।

औरैया/कंचौसी ( संवाददाता विपिन गुप्ता) 01 मार्च (CY न्यूज) महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर कस्बा और आस-पास के इलाकों में जगह-जगह शिवालयों में जलाभिषेक कर महाकाल भोले नाथ की पूजा अर्चना की गई। त्रिलोकीनाथ के कई मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। नगर के सिद्धपीठ रेलवे स्टेशन के नीचे स्थित शिव मंदिर, नहर पुल, रेलवे फाटक के वैकुंठ धाम कंचौसी गाँव, बाबा ब्रहम्देव मंदिर घसा पुरवा के शिव मंदिर पांडे़ बाबा मंदिर और सूखमपुर रेलवे गेट नम्बर 6 पर स्थित प्राचीन शिव लिंग पर श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर भोले नाथ से आशीर्वाद लिया। तमाम श्रद्धालुओं ने भोले नाथ का व्रत भी रखा।



शिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय ने की पूरे देश के लिए सुख शांति एवं सफलता की कामना।

 


मेरठ 01 मार्च (CY न्यूज) देवों के देव महादेव भगवान आशुतोष की आराधना के पावन पर्व महाशिवरात्रि पर श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय परिवार की ओर से सुबह रजबपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में उमड़ी हजारों कावड़ियों की भीड़ के साथ भगवान शिव को गंगाजल, गन्ने का रस,  मधु (शहद) दूध, दही, बेलपत्र, बेर, भांग, धतूरा, आदि अर्पित कर पूरे वेंकटेश्वर समूह साथ-साथ पूरे देश के लिए सुख शांति एवं सफलता की कामना की गई। इसके बाद मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डा.दीपक अग्रवाल एवं उनकी पत्नी स्त्री रोग विशेषज्ञ डा.प्रियंका राठौर द्वारा आयोजित भगवान आशुतोष के महापूजन रुद्राभिषेक के आयोजन में सम्मिलित होकर भगवान आशुतोष की आराधना की गई, एवं पूरे वेंकटेश्वरा समूह/परिवार के लिए सफलता की कामना की गई। इस अवसर पर मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ डॉक्टर डा.राजीव रंजन तिवारी, एनेस्थीसिया विभाग के डा.अवधेश शर्मा, एच.आर हेड शिव शंकर, डा.शिवम, रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर प्रवीण कौशिक, एस.एस बघेल, जी.डी कटियार आदि लोग उपस्थित रहे। भगवान शिव की कृपा हम सभी पर बनी रहे ऐसी हम कामना करते हैं।

बहराइच में महाशिवरात्रि की धूम।


बहराइच (संवाददाता मोहम्मद इमरान मकरानी) 01 मार्च (CY न्यूज) बहराइच के सिद्धनाथ मन्दिर पर महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही भक्तों की लंबी क़तार लगनी शुरू हो गई। सभी को अपनी बारी का इंतजार रहा की कब उनका नम्बर आये और जलाभिषेक कर सकें। साथ ही भारी संख्या में भक्तों की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नगर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार व चौकी चौक प्रभारी आर.एस यादव अपनी टीम के साथ मौके पर तैनात बनाये है हर गतिविधि पर नज़र रखी गई।


दबंगों ने की महिला के साथ छेड़छाड़, विरोध पर की मारपीट।

मेरठ/सरधना 28 फरवरी (CY न्यूज) थाना क्षेत्र के गांव पोहल्ली मे अपने घर से निकल कर किसी कार्य से जा रही विवाहिता के साथ गांव के ही दबंगों ने छेड़छाड़ कर दी जिस पर महिला ने विरोध किया तो दबंगों ने महिला को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता परिजनों के साथ थाना पहुंची, महिला ने तीन आरोपियों को नामजद करते हुए थाने पर तहरीर दी है। थाना पहुंची महिला ने बताया कि वह सोमवार दोपहर अपने घर से निकल कर किसी कार्य से घर के पास की दूसरी गली में जा रही थी। रास्ते में घर से कुछ दूरी पर रहने वाले दबंग 3 सगे भाइयों ने प्रार्थनी के साथ छेड़छाड़ की विरोध करने पर दबंगों ने उसके साथ गाली-गलौच कर मारपीट कर दी, प्रार्थनी ने विरोध किया तो उक्त लोगो ने प्रार्थनी को जान से मारने की धमकी दी। शौर शराबे की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण आ गये, जिन्हे आता देख विपक्षीगण जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गये। उक्त मारपीट में प्रार्थनी के शरीर पर काफी गुम चोटे आयी है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए घायल का मेडिकल कराया और तहरीर के आधार पर जांच में जुट गई है तथा महिला को कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

गुरुग्राम में ट्रिपल मर्डर से सनसनी।

सी.एन.जी पंप पर तीन कर्मचारियों की हत्या।

गुरुग्राम (एजेंसी) 28 फरवरी (CY न्यूज) गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित सी.एन.जी पंप पर काम करने वाले तीन युवकों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। यह घटना बीती रात तकरीबन 2.40 बजे की बताई जा रही है। मरने वाले तीनों युवक सी.एन.जी पंप काम करते थे। मरने वालों की पहचान पुष्पेंद्र, नरेंद्र और भूपेंद्र के रूप में हुई है और सभी बदायूं के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें से एक पंप का मैनेजर व अन्य दो सहयोगी हैं। पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन मौके पर पहुंचीं और मुआयना किया।

बंद पड़े मिले सी.सी.टी.वी कैमरे:

अब तक की पुलिस जांच में पंप पर लगे सी.सी.टी.वी कैमरे बंद मिले हैं। सेक्टर-40 थाना प्रभारी व सी.आई.ए 31 के साथ अन्य टीमें मौके पर हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने किसी तरह की लूटपाट नहीं की है, यहां तक कि कार्यालय में मृतकों के मोबाइल पड़े मिले हैं। 

दो लोगों की कार्यालय में हत्या और एक की हाईवे पर:

पुलिस का मानना है कि मृतक सुबह उठकर पंप खोलने की तैयारी ही कर रहे थे कि हमलावर आए होंगे और धारदार हथियार से उन पर हमला किया गया होगा। घटना में सी.एन.जी पंप के मैनेजर, सेल्समैन व एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई है। हमलावरों ने दो व्यक्तियों को कार्यालय में ही मार दिया है जबकि तीसरा भागता हुआ हाईवे की ओर गया गया, जहां पर उसकी मौत हुई है।

किसी पुराने कर्मचारी का हो सकता है हाथ:

घटना में किसी पुराने कर्मचारी का हाथ बताया जा रहा है, जो मैनेजर से रंजिश रखता है और उसने पूरी टीम को ही मौत के घाट उतार दिया। पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन का कहना है कि जांच चल रही है जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।

दूध विक्रेता को ट्रक ने कुचला, मौत।

मेरठ 28 फरवरी (CY न्यूज) मवाना रोड स्थित रजपुरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक सवार दूधिया को कुचल दिया। हादसे में दूधिया की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। नया गांव निवासी 50 वर्षीय ओमकार सोमवार सुबह दूध की सप्लाई करने मेरठ आया था। सुबह 10 बजे वह अपने घर वापस लौट रहा था। इस बीच जब ओमकार रजपुरा गांव के पास पहुंचा, तभी पीछे से अनियंत्रित गति में आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक चालक ने ओमकार के सिर के ऊपर से पहिया उतार दिया और फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मौके से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।



बैल की तेरहवीं पर हवन ब्रहमभोज का होगा आयोजन, जुटेंगे समाज के लोग।

मेरठ 28 फरवरी (CY न्यूज) मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव फफूडा इन दिनों चर्चा में है। यहां पर एक बैल के मरने के बाद उसकी तेरहवीं पर आत्मशांति के लिए हवन और ब्रहमभोज के आयोजन की तैयारियां चल रही है। इस कारण से आसपास के गांव में ही नहीं बल्कि पूरे जिले में यह बैल की तेरहवीं की चर्चा है। मनुष्य की मौत के बाद उसकी आत्मा की शांति के लिए हवन, रस्म पगड़ी और ब्रह्म भोज की परंपरा का आयोजन किया जाता है। लेकिन मेरठ के इस फफूंडा गांव में सेना से रिटायर्ड सूबेदार अपने बैल की मौत पर ब्रह्म भोज का आयोजन कर रहे हैं। इसमें सांसद और विधायक समेत करीब एक हजार लोगों को बुलावा भेजा गया है। फफूंडा निवासी रिटायर्ड सूबेदार विजय सिंह भड़ाना ने बताया कि नवंबर 2000 में पुलिस ने गांव के बाहर गोवंशी से लदी एक गाड़ी पकड़ी थी। गोवंशी को कटान के लिए ले जाया जा रहा था। आरोपितों को जेल भेजकर एक गोवंशी को उनके बेटे को दे दिया। उस समय बैल की आयु करीब तीन साल थी। सूबेदार के परिजनों ने बैल का नाम भगत जी रखकर उसका पालन-पोषण किया। 25 वर्ष तीन माह की आयु पूरी करने के बाद 23 फरवरी को बैल की मौत हो गई। इसके बाद उसे दफनाया गया। रिटायर्ड सूबेदार का कहना है कि बैल की आत्मा की शांति के लिए सात मार्च को हवन के बाद ब्रह्म भोज रखा गया है, जबकि शाम को शोक सभा होगी।



पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने महामंत्री विपुल सिंघल के नेतृत्व में भारत में डॉक्टर बनाए जाने हेतु नए चिकित्सक विद्यालय खोले जाने के संदर्भ में प्रधानमंत्री भारत सरकार के नाम एक ज्ञापन आयुक्त मेरठ मंडल सुरेंद्र सिंह को दिया।

मेरठ 28 फरवरी (CY न्यूज) यूक्रेन पर रूस द्वारा हमला किए जाने के कारण वहां की जनता पर कठिनाई का समय है। यूक्रेन में भारत के लगभग 20,000 छात्र चिकित्सक विद्यालयों में डॉक्टर बनने हेतु पढ़ने के लिए रह रहे हैं। भारत से इतनी बड़ी तादाद में विद्यार्थियों का चिकित्सा संबंधी कोर्स के लिए यूक्रेन में ही नही अन्य देशों में भी पढ़ने जाने से भारत की अर्थव्यवस्था पर बहुत बड़ा असर पड़ रहा है। औसतन पचास लाख रुपए प्रति विद्यार्थी के हिसाब से लगभग 20,000 छात्रों का खर्चा 100 अरब से ज्यादा का खर्च देश को उठाना पड़ रहा है। वही पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने ज्ञापन द्वारा प्रधानमंत्री से निवेदन किया है की भारत में तकनीकी विद्यालयों की तर्ज पर बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज खोले जाने हेतु नियमों को सरल किया जाए।  देश के बड़े-बड़े उद्योगपतियों को चिकित्सक महाविद्यालय खोलने के लिए प्रेरित किया जाए। इन निजी चिकित्सक महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रैक्टिस शुरू करने से पहले जिस प्रकार यूक्रेन से पढ़कर आये डॉक्टरों को एक विशेष परीक्षा को उत्तीर्ण करना आवश्यक है उसी प्रकार की परीक्षा इन बच्चों के लिए भी रख दी जाए ताकि किसी विद्यालय का स्तर कमजोर भी होता है तो वह बच्चा पास करने के उपरांत ही देश में प्रैक्टिस शुरू कर सके। निजी कॉलेजों में चिकित्सकों की पढ़ाई हेतु सीट इतनी ज्यादा बढ़ाई जाने की आवाश्यकता है  कि कोई भी छात्र देश छोड़कर चिकित्सक शिक्षा के लिए देश छोड़कर बाहर ना जाए। भारत में अभी चल रहे निजी चिकित्सक विद्यालयों में जो फीस डेढ़ करोड़ तक ली जा रही है वह भी नए संस्थान खोलने से उम्मीद है 30 लाख तक आ जाएगी जिससे अभिभावकों को भी बच्चे पढ़ाने में आसानी होगी। इस मौके पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष सुबोध गुप्ता, जिला महामंत्री विपुल सिंघल, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, प्रदेश संयुक्त महामंत्री सोनम वर्मा, महानगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला अध्यक्ष महिला रुचि गर्ग, नीलम रस्तोगी, संगीता, नितिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।



मेडिकल कॉलेज में अब हो सकेगा बच्चों के ब्लड कैंसर का उपचार।

शासन से मिली मंजूरी, अप्रैल माह से मिलेगी सुविधा।

मेरठ 28 फरवरी (CY न्यूज) बच्चों में खून से जुड़ी गंभीर बीमारियों व ब्लड कैंसर के उपचार के लिये अब दिल्ली व अन्य शहर नहीं जाना पड़ेगा। लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के हेमोटोलॉजी (रक्त विज्ञान) विभाग को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जा रहा है। इससे तीस अन्य मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को भी जोड़ा जाएगा। सेंटर में कैंसर के इलाज की दवा व कीमोथेरेपी की व्यवस्था की जाएगी। सेंटर को बनाने के लिये शासन की ओर से मंजूरी मिल गयी है। जल्दी ही मरीजों को यहां उपचार मिलने लगेगा। मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा.आर.सी गुप्ता ने बताया शासन से मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए कार्यवाही शुरू कर दी है। मार्च-अप्रैल में मरीजों को उपचार की सुविधा मिलना आरंभ हो जाएगी। मेडिकल कालेज के बाल रोग विशेषज्ञ डा.नवरत्न गुप्ता ने बताया खून से जुड़ी बीमारियों का इलाज करने के लिये अलग से वार्ड बनाया जाएगा। शासन द्वारा कैंसर के इलाज के लिये दवा कीमो थेरपी की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया इस सेंटर को नोएडा में बने चाइल्ड पी.जी.आई से जोड़ा जाएगा।हापुड़, बिजनौर, बुलंदशहर,गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, संभल, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं जिलों के मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल से जोड़े जाएंगे। मेरठ की सभी 12 सी.एस.सी को भी इस सेंटर से जोड़ा जाएगा। “मेरठ में अब बच्चों में होने वाले ब्लड कैंसर का उपचार किया जा सकेगा। इसके लिये मेडिकल कॉलेज में सेंटर बनाया जा रहा है, इससे मेरठ व उसके आसपास के मंडलों के मेडिकल कॉलेज व स्वास्थ्य केन्द्रों को जोड़ा जाएगा। मार्च के अंत व अप्रैल के आरंभ में सेंटर क्रियाशील हो जाएगा। शासन की ओर से इसके लिये मंजूरी मिल चुकी है।”

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...