मोदीपुरम। रुड़की रोड मोदीपुरम स्थित एक सीएनजी पंप पर चालक से मारपीट कर कैंटर लूटने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आननफानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने कैंटर मालिक से घटना की जानकारी लेते हुए छानबीन शुरू कर दी। देर शाम पुलिस ने कैंटर बरामद करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया।
हरदोई निवासी हरबीर, परतापुर निवासी सरफराज के कैंटर पर चालक है। वह परतापुर में रहता है। सरफराज के अनुसार शुक्रवार को चालक कैंटर में मेरठ से सामान लेकर मुजफ्फरनगर गया था। दोपहर में वापस आते वक्त चालक ने जिटौली स्थित एक सीएनजी पंप पर गाड़ी में सीएनजी भरवाई और उन्हें मारपीट कर कैंटर लूट की सूचना दी। सूचना मिलते ही सरफराज मोदीपुरम पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इंस्पेक्टर पल्लवपुरम घटनास्थल पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज चेक की। फुटेज में चालक गाड़ी में सीएनजी डलवाते हुए नजर आया। लूटपाट की कोई घटना नहीं पाई गई। इस दौरान चालक का फोन भी बंद था। इंस्पेक्टर पल्लवपुरम ने बताया कि कैंटर बागपत रोड से एक गोदाम पर खड़ा हुआ मिला है। चालक नशे की हालत में था। पूछताछ में चालक द्वारा झूठी सूचना देना बताया गया है। कैंटर को बरामद कर लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है।
No comments:
Post a Comment