मेरठ 16 जुलाई (चमकता युग) मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र की वेदव्यासपुरी पुलिस चौकी पर नशे में युवकों ने खूब अराजकता की। वीडियो वायरल हुआ तो मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया। युवकों के बीच मारपीट और पथराव हुआ। वहीं पुलिस सख्त कार्रवाई करने के बजाए लीपापोती करती रही। वीडियो सामने आने के बाद एसपी सिटी विनीत भटनागर ने जांच कराने की बात कही है।
एनएच-58 हाईवे पर आम लोगों की सुविधा के लिए वेदव्यासपुरी पुलिस चौकी बनाई गई थी, लेकिन यहां पुलिसकर्मी नदारद रहते हैं। वायरल वीडियो में दो पक्षों के बीच पहले लात-घूसे चले और फिर पथराव हो गया। सवाल उठता है कि घटनाक्रम के दौरान पुलिसकर्मी कहां थे, जबकि वीडियो में थाने की जीप भी दिखाई पड़ रही है।यह वीडियो एसपी सिटी को एक युवक ने उनके कार्यालय पहुंचकर सौंपी। एसपी सिटी ने थानेदार से बात की।
इंस्पेक्टर टीपी नगर रघुराज सिंह ने एसपी सिटी को बताया कि इस मामले में मुकदमे दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मुकदमा मारपीट करने वालों की तहरीर पर ही लिखा गया है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना पुलिस और पुलिस चौकी इंचार्ज से भी जवाब तलब होगा।





No comments:
Post a Comment