Monday, 16 August 2021

ब्लॉक प्रमुख ने अधिकारियों को दिखाई दबंगई, मुख्यालय पर दो बार फहराया गया झंडा, कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी


मेरठ 16 अगस्त (चमकता युग) मेरठ के रोहटा ब्लॉक मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडा फहराने को लेकर ब्लॉक प्रमुख और उनके परिजनों ने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए दबंगई दिखाई। ब्लॉक प्रमुख की करतूत के चलते ब्लॉक मुख्यालय पर दो बार झंडा रोहण करना पड़ा। वहीं अभद्रता के मामले में कर्मचारियों में भारी रोष बना हुआ है। उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं दूसरी ओर ब्लॉक प्रमुख और उनके परिजनों में इस अनैतिक कृत्य के लिए कोई पछतावा नहीं है। 

दरअसल, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुबह आठ बजे ब्लॉक मुख्यालय पर झंडारोहण होना था, लेकिन ब्लॉक प्रमुख रेखा रानी समय पर नहीं पहुंच पाई। इस दौरान वहां पहले से ही मौजूद पंचायत विकास अधिकारी रामपाल सिंह ने कर्मचारियों के साथ मिलकर सही आठ बजे झंडारोहण कर दिया। हालांकि इसके बाद लगभग 10 बजे के करीब ब्लॉक प्रमुख रेखा रानी और उनके परिजन पहुंचे। इस दौरान वे पहले से ही हुए झंडारोहण को देख आग बबूला हो गए। इसे लेकर वहां मौजूद एडीओ पंचायत रामपाल सिंह व अन्य कर्मचारियों को ब्लॉक प्रमुख व उनके परिजनों ने खूब खरी-खोटी सुनाते हुए उनके साथ अभद्रता की। यही नहीं ब्लॉक कर्मचारियों का आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख व उनके परिजनों ने दबंगई दिखाते हुए ब्लॉक मुख्यालय पर नियम विरुद्ध मान मर्यादा को ताक पर रखते हुए दोबारा से झंडारोहण करने के लिए कर्मचारियों पर दबाव बनाया। इसके बाद दोबारा से इस अनुचित कार्य के लिए दबाव में आए कर्मचारियों ने झंडारोहण की व्यवस्था की। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख रेखा रानी ने दोबारा झंडारोहण करते हुए इस अनैतिक कार्य को अंजाम दिया। 

उधर, ब्लॉक प्रमुख व उनके परिजनों द्वारा कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ की गई अभद्रता के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में ब्लॉक कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने रोष जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। ब्लॉक कर्मचारियों ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख व उनके परिजनों द्वारा की गई अभद्रता के मामले को भारी रोष है और कार्य बहिष्कार की चेतावनी जारी की है। 

वहीं इस पूरे मामले में जब ब्लॉक प्रमुख रेखा रानी से बात की गई तो उन्होंने साफ कहा कि इस मामले में एक प्रतिशत भी सच्चाई नहीं है और समय पर झंडारोहण किया गया है। वहीं दूसरी ओर खंड विकास अधिकारी राजीव वर्मा ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की जानकारी नहीं है, यदि ऐसा हुआ है तो वे अपने स्टाफ से जानकारी करके आगे की कार्रवाई कराएंगे।


No comments:

Post a Comment

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...