मांगे पूरी न होने पर सी.एच.सी और सी.एम.ओ कार्यालय पर भूख हड़ताल की दी चेतावनी।
औरैया (संवाददाता विपिन गुप्ता) 08 दिसंबर (चमकता युग) स्वास्थ्य सेवाएं को आम जनता तक 24 घंटे सुलभ कराने वाली आशा और आशा संगनी ने विभिन्न माँगों को लेकर जिलेभर की आशासंगनी और आशा कर्मियों ने चार सूत्री माँगों को लेकर सी.एम.ओ कार्यालय समाधान पुरवा में धरना प्रदर्शन कर नारेवाजी की। आशाओं ने सी.एम.ओ अर्चना श्रीवास्तव को माँग पत्र देकर आशा कर्मियों को सरकारी कर्मचारी घोषित करने और विभिन्न माँगों को पूरी किए जाने की माँग की है। यदि माँगें जल्द ही पूरी नहीं की गई तो आशा कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन और भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। सी.एम.ओ अर्चना श्रीवास्तव को सौंपे ज्ञापन में आशा बहुओं ने कहा कि पिछले दिनों संविदा कर्मियों के साथ आशा बहुओं ने भी अपनी माँगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। लेकिन संविदा कर्मियों की माँगों को सरकार ने मान लिया। और जो रात-दिन मेहनत कर आम जनता की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जुटी हैं, उसको सरकार बंधुआ मजदूर की तहर काम ले रही है। यह हमारे साथ भारी अन्याय हो रहा है। सरकार हम लोगों को मजदूर का भी दर्जा नहीं दे रही है। मजदूरों को भी तीन सौ रुपया देहाड़ी मिलता है। आशा को सिर्फ महीने में नाम के मात्र तीन से चार हजार रूपये की प्रतिपूर्ति राशि ही सरकार दे रही है। इससे परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल है। आशा वर्कर्स ने सरकारी कर्मचारी घोषित करके वेतनमान देने, दुर्घटना बीमा और म्रतक आश्रित को नौकरी देने, सेवानिवृत के बाद जीवन यापन के लिए पेंशन देने और डिलीवरी कार्य के दौरान अस्पताल में रूकने के लिए एक निश्चित स्थान मुहैया कराने की माँग की है। आशाओं ने स्वास्थ विभाग और शासन-प्रशासन से उक्त माँगें पूरा किए जाने की पुरजोर माँग की है। यदि सरकार हमारी मांगे जल्द पूरी नहीं करती है, तो धरना प्रदर्शन और भूख हड़ताल करने को विवश होगें। इसके लिए आशा यूनियन का गठन करके रणनीति के तहत कार्य बहिष्कार कर 13 दिसंबर से जिले की सभी सी.एच.सी पर 24 घंटे धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 16 दिसंबर से सी.एम.ओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन व भूख हड़ताल की जाएगी। इस दौरान संगनी इन्दु तिवारी, सीमा राठौर, अनीता देवी, मंजू पाल, चन्द्र रोशनी, माया देवी, दीपमाला, सुशीला देवी, गिरजा शशीप्रभा, पूनम, रीना, नीता यादव, गीता देवी, सुनीता, राखी पाल आदि सैकड़ों आशा व आशा संगनी और उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के प्रांतीय पदाधिकारी ब्रजेन्द्र कटियार मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment