Monday, 10 January 2022

जिले में मनाया गया प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस।

643 गर्भवती की हुई स्वास्थ्य जांच, 86 मिलीं उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली।

मेरठ 10 जनवरी (CY न्यूज) जनपद में सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस मनाया गया। इस दौरान जनपद के स्वास्थ्य केन्द्रों पर गर्भवती के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच की गयी। इस दौरान 643 गर्भवती की जांच की गयी। जांच के दौरान 86 गर्भवती उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली मिलीं। इन सभी को उच्च स्वास्थ्य केन्द्रों पर रेफर किया गया है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डा.पूजा शर्मा ने बताया संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और मातृ-शिशु मृत्युदर को कम करने के उद्देश्य से जनपद में सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य केन्दों पर 643  गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गयी। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड टेस्ट, यूरिन टेस्ट, हीमोग्लोबिन जांच की गयी। 86 गर्भवती उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली मिलीं, उन्हें उच्च चिकित्सा केन्द्रों पर रेफर किया गया है। जिला सलाहकार मातृ स्वास्थ्य इलमा अजीम ने बताया प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर दूसरी व तीसरी तिमाही की गर्भवती पर फोकस रहता है। इसमें उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली गर्भवती को चिन्हित किया जाता है। उनकी स्थिति के हिसाब से उन्हें उच्च स्वास्थ्य केन्द्र पर रेफर किया जाता है। खाता खुलने से लाभार्थी को मिलेगा सीधा लाभ प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर सोमवार को उन गर्भवती महिलाओं के बैंक में खाते खोले गये जिनके किसी बैंक में खाते नहीं हैं। जननी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में योजना की धनराशि लाभार्थी के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर की जाती है। जननी सुरक्षा योजना में शहरी क्षेत्र में 1000 रुपये और ग्रामीण क्षेत्र में 1400 रुपये दिये जाते हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पहली बार मां बनने पर तीन किस्तों में पांच हजार रुपये दिये जाते हैं। यह रकम डी.बी.टी के माध्यम से दी जाती है। बैंक में खाता नहीं होने के कारण कई बार महिलाएं को लाभ नहीं मिल पाता है, इसलिए विभाग ने बैंकों के माध्यम से जीरो बैलेंस पर खाता खोलने की व्यवस्था की है। इससे लाभार्थी को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर लाभार्थियों की परिवार नियोजन के लिए भी काउंसलिंग की गयी।

No comments:

Post a Comment

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...