Sunday, 20 March 2022

नगर व देहात क्षेत्र में होली व शब-ए-बरात का पर्व हर्षोल्लास से मना।

मेरठ 19 मार्च (CY न्यूज) शुक्रवार को नगर व ग्रामीण क्षेत्र में होली व शब-ए-बरात का त्यौहार हर्षोल्लास से मनाया गया। दुल्हैंडी के दिन चारों ओर हवा में उड़ता अबीर-गुलाल और रंगों से सराबोर लोग यह नजारा देख हर कोई होली के रंग में रंग गया और जमकर होली खेली गई। इस मौके पर कई लोगों ने अपने मनमुटाव व आपसी गिले शिकवे भुलाकर एक दूसरे को गले लगाया और होली के रंग में डूब कर बधाई दी। लोगों ने होलिका के साथ ही अपने अंदर की बुराइयों तथा अहंकार को मिटाने का संकल्प लिया और गले मिलकर आपसी प्रेम और सौहार्द को प्रगाढ़ किया। होलिका माई की जय के गगनभेदी नारों के साथ पूरे उल्लास और उत्साह के साथ होली का पर्व मनाया गया। परंपरागत ढंग से लोगों ने होलिका के पर्व को आत्मसात कर सनातन संस्कृति के साथ होली मनाई। इस बार होली के त्योहार में लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। गुरुवार की रात होलिका दहन होने के बाद शुक्रवार को दिन भर रंगों का दौर चलता रहा। सुबह से ही लोग मित्रों, रिश्तेदारों के यहां पहुंच गए और एक दूसरे को रंग लगाकर होली का उल्लाष मनाया। बड़े-बुजुर्गों को अबीर गुलाल लगाकर उनका आशीर्वाद लिया। बच्चों ने अपने हम उम्र साथियों के साथ पिचकारियों व अन्य माध्यमों से होली के त्योहार का लुत्फ उठाया। विभिन्न राजनीतिक संगठन, सामाजिक संगठनो से जुड़े लोगों ने होली मिलन कार्यक्रम के माध्यम से एक दूसरे पर खूब रंग लगाए। और गले लगाकर मुबारकबाद दी। इसके साथ शुक्रवार को शब-ए-बरात का त्यौहार भी प्यार मोहब्बत के साथ मनाया गया। घरों और मस्जिदों में नमाज पढ़ने के साथ ही खुदा की इबादत की और अपने गुनाहों की तौबा के साथ माफ़ी मांगते हुए भविष्य में गुनाह न करने की कसम भी ली। शनिवार को अकीदतमंदों ने रोजा भी रखा। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में भारी पुलिस फ़ोर्स तैनात रहा। दोनों त्यौहार सकुशल संपन्न होने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की साँस ली। शनिवार को थाना परिसर में पुलिस कर्मियों ने भी जमकर होली खेली।



No comments:

Post a Comment

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...