औरैया/कंचौसी (संवाददाता विपिन गुप्ता) 14 मार्च (CY न्यूज) शहर ब्लॉक के ढिकियापुर-सुखमपुर गाँव से जाने वाला संपर्क मार्ग पर जलभराव होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बब्बी, लखन, नंदू शर्मा, आकाश परिहार, इरशाद अली, श्याम सिंह कुशवाहा, बलराम सिंह, नीता देवी, पुष्पा देवी, रामबेटी, सरिता आदि लोगों ने बताया है कि सड़क पर गंदा पानी एकत्र होने से मच्छर पनप रहे हैं। जिससे संक्रमण व बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। यह मार्ग आधा दर्जन गाँवों को जोड़ता है। ढिकियापुर, घसाकापुरवा, सुखमपुर, बिझाई, करौंदा आदि गाँवों को जोड़ता है। ढिकियापुर गाँव में नालियाँ न होने से गाँव का पानी सड़क पर एकत्रित हो रहा है। जिससे इस मार्ग से निकलने वाले लोग व स्कूली बच्चे आये दिन गिरकर घायल होते हैं। सड़क क्षतिग्रस्त से जलभराव की समस्या बनी हुई है। आवागमन में भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिलाधिकारी से लेकर सीएम पोर्टल तक कई बार शिकायत कर चुके हैं। लेकिन समस्या का समाधान अभी तक नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सुनील वर्मा से समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की है।
No comments:
Post a Comment