एल.ई.डी बल्ब बनाने की ले रहे ट्रेनिंग बंदी।
मेरठ 06 सितंबर (CY न्यूज) चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में इस बार तैयार होने वाली झालर से इस बार की दीपावली जगमग होगी। इसके लिए बंदी-कैदियों को एक माह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जेल में वर्कशाप तैयार की जा रही है। यूनिट लगाने के लिए कुछ कंपनियों से बातचीत चल रही है। दीपावली के बाद एल.ई.डी बल्ब भी बनाए जाएंगे। जिनकी सप्लाई देशभर में होगी। चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में लगातार नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एल.ई.डी की यूनिट लगाने की तैयारी है। इसके लिए उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब की कुछ कंपनियों से बात भी चल रही है। हालांकि इससे पहले बंदी-कैदियों को झालर बनाने का एक माह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।उत्तराखंड की एक कंपनी से आये विशेषज्ञ इस दौरान 20 बंदी-कैदियों को झालर बनाने की बारीकी समझा रहे हैं। जेल अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि एक माह का प्रशिक्षण है। 15 दिन पूरे हो चुके हैं। जेल में ही वर्कशाप बनाई जा रही है। जिसमें एल.ई.डी की पूरी यूनिट लगाई जाएगी। दीपावली को ध्यान में रखते हुए झालर तैयार की जाएगी। जेल के बाहर ही स्टाल लगाकर उनको बेचने की तैयारी है। उन्होंने बताया पहले मेरठ जनपद में बल्ब आपूर्ति की जाएगी। इसके बाद कहीं से मांग आती है, तो उसके लिए भी बल्ब तैयार किए जाएंगे। एल.ई.डी बल्ब को जेल के आउटलेट पर भी बेचा जाएगा। जेल में तैयार झालर और बल्ब को 15 प्रतिशत के मुनाफे पर बेचा जाएगा। इसी में से बंदी-कैदियों को हिस्सा दिया जाएगा। पहले चरण में 20 बंदी-कैदियों का चयन किया गया है। इसके बाद उनकी संख्या में इजाफा किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment