मेरठ 03 अक्टूबर (CY न्यूज) इंजीनियरिंग के छात्र से लूटे हुए मोबाइल के सहारे पुलिस मोबाइल लुटेरों के इंटरनेशनल गैंग तक पहुंच गई। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार करने के बाद एक माह में लूटे 50 लाख की कीमत के 108 मोबाइल और उपकरण बरामद किए। लूट के बाद मोबाइल विदेशों में सप्लाई किए जाते थे। पुलिस सरगना की तलाश में अभी छापेमारी कर रही है।
घर से मिले 50 लाख की कीमत के 108 मोबाइल:
एस.पी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि रविवार को कंकरखेड़ा के होटल बिग्गीज के सामने से इंजीनियरिंग के छात्र से मोबाइल लूट की घटना हुई थी। लूटे हुए मोबाइल का पीछा करते हुए पुलिस देहली गेट थाना क्षेत्र के पूर्वा फय्याज अली में हासिम पुत्र इरशाद के घर पहुंची। पुलिस ने हासिम के घर से 50 लाख कीमत के 108 मोबाइल और मोबाइल के उपकरण बरामद किए। उसके बाद हासिम की निशानदेही पर विशाल पुत्र किशनलाल निवासी माधवपुरम थाना ब्रह्मपुरी और अजय पुत्र सागर गोस्वामी निवासी सुपरटेक सोसायटी थाना परतापुर को पकड़ लिया।
मोहित ने बनाया मोबाइल लुटेरों का गैंग:
पूछताछ में तीनों ने बताया कि माधवपुरम निवासी मोहित ने मोबाइल लुटेरों का गैंग बना रखा है। विशाल और अजय इसी गैंग में हैं। मोहित मोबाइल लूट कराने के बाद हासिम के घर पर बने गोदाम में मोबाइल रखवा देता था। एक माह में लूटे हुए मोबाइलों को मुजम्मिल निवासी सीलमपुर, वेलकम मेट्रो स्टेशन, नई दिल्ली को बेच देते थे। मुजम्मिल इन मोबाइल की विदेश में सप्लाई करता है। साथ ही कुछ मोबाइल के उपकरण निकाल कर दिल्ली की गफ्फार मार्केट में बेच देता है। पुलिस मोहित और मुजम्मिल को तलाश कर रही है।

No comments:
Post a Comment