Tuesday, 27 July 2021

राज्यपाल तक पहुंचा राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज का मामला

उप्र वक्फ विकास निगम के निदेशक ने पकड़ा था घटिया निर्माण


मेरठ 27 जुलाई (चमकता युग) हापुड़ रोड स्थित राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज में उप्र वक्फ विकास निगम के निदेशक ने घटिया निर्माण होते हुए पकड़ा था। अधिशासी अभियंता अंसार हुसैन, सहायक अभियंता रिजवान खान की संलिप्ता और वीके कंस्ट्रक्शन को दीषी पाया गया था। दोषियों पर कार्रवाई न होने पर निदेशक ने पूरे मामले की शिकायत राज्यपाल से की थी। अब इस मामले में राज्यपाल ने जांच के आदेश दे दिए है। 

गौरतलब है कि गत 18 सितंबर 2020 को उप्र वक्फ विकास निगम के निदेशक शफाअत हुसैन ने राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया था। निर्माणधीन कार्यों में पीली ईंट एवं चिनाई में बालू का प्रयोग होता मिला। ठेकेदार अंकित बालियान और अवर अभियंता ने घटिया सामग्री मिलाने को स्वीकार किया। इसके बाद मौखिक रूप से निदेशक ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्माण रूकवाने के आदेश दे दिए थे। परंतु ठेकेदार ने लिखित आदेश का हवाला देते हुए निर्माण कार्य नहीं रोका। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मेरठ ने उप्र वक्फ विकास निगम को पत्र लिखा और बताया कि जिसमें बताया गया कि अधिशासी अभियंता अंसार हुसैन, सहायक अभियंता रिजवान खान ने वीके कंस्ट्रशन से कार्य को नहीं रूकवाया। निदेशक का कहना है कि जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मेरठ, सहायक अभियंता, अवर अभियंता ने वीके कंस्ट्रक्शन को बचाने के लिए धोखाधड़ी से दूसरी किश्त का भुगतान करा लिया गया। बताया कि जिलाधिकारी को कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पूरा मामला राज्यपाल के सामने रखा गया। राज्यपाल के विशेष सचिव बद्रीनाथ सिंह ने अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कार्रवाई के आदेश दिए है।

स्मार्ट सिटी बनाने के लिए दस नए बस स्टॉप के लिए जगह की तलाश


मेरठ 27 जुलाई ( चमकता युग) मेरठ का प्रशासन एक और मेरठ को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए 10 नए बस स्टॉप तैयार करने के लिए जगह तलाश रहा है , वही पुराने बने बस स्टॉप पर लोग  उनकी कुर्सियों से गाय तथा बछड़े बांधकर उनका पालन पोषण कर रहे हैं।  मेडिकल कॉलेज बस स्टॉप अपना अस्तित्व खो चुका है।

"तुम्हारी फाइलों में मेरठ का मौसम गुलाबी है

मगर ये आंकड़े झूठे हैं ये दावा किताबी है।"

विश्व कल्याण की भावना के संकल्प के साथ ’’रक्तदान शिविर’’, ’’महायज्ञ एवं हवन’’ व वृहृद वृक्षारोपण द्वारा मनाया गया वेंक्टेश्वरा का ’’स्थापना दिवस’’

संयोगवश आज ही के दिन है समूह चेयरमैन डॉ0 सुधीर गिरि का जन्मदिवस


आगामी दस वर्षों में देश के शीर्ष 20 शिक्षण संस्थानो की सूची में वेंक्टेश्वरा को शुमार कराना मुख्य लक्ष्य- डॉ0 सुधीर गिरि, 


मेरठ  27 जुलाई (चमकता युग)  आज वेंक्टेश्वरा समूह के बायीसवें (22वें) स्थापना दिवस पर विश्व कल्याण के संकल्प के साथ ’’महायज्ञ एवं रक्तदान शिविर’’ का आयोजन किया गया, इसके साथ ही परिसर एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर 501 छायादार एवं औषधीय पौधे भी रोपित किये गये। इस अवसर पर छात्रो ने देशभक्ति से ओत-प्रोत्र शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये। इसके साथ ही समूह चेयरमैन ने आगामी दस वर्षो में विश्वविद्यालय को गुणवत्ता शिक्षा के आधार पर देश के शीर्ष बीस संस्थानो में शुमार कराने के लक्ष्य को दोहराया। वेंक्टेश्वरा संस्थान के स्थापना दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर में 74 यूनिट ’’रक्त संचय’’ हुआ।


संस्थान के डॉ0 सी0वी0 रमन केन्द्रीय सभागार में आयोजित ’’विश्वविद्यालय स्थापना दिवस’’ कार्यक्रम का शुभारम्भ समूह चेयरमैन डॉ0 सुधीर गिरि एवं प्रतिकुलाधिपति डॉ0 राजीव त्यागी, कुलपति प्रो0 पी0के0 भारती आदि ने सरस्वती माँ की प्रतिमा के सन्मुख दीप प्रज्जवलित करके किया।


अपने सम्बोधन में समूह चेयरमैन डॉ0 सुधीर गिरि ने कहा कि 22 साल पहले आज ही के दिन मेरठ में एक छोटे से पौधे के रूप में वेंक्टेश्वरा शिक्षण संस्थान की शुरुआत हुई थी, जो आज चार विश्वविद्यालयों, दो मेडिकल कॉलेज समेत दो दर्जन से अधिक शिक्षण संस्थानो के समूह के साथ एक वटवृक्ष बन गया है। पन्द्रह साल पहले आज ही के दिन (27 जुलाई, 2006) को गजरौला में श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय की स्थापना की नीव रखी गयी थी। उन्होने कहा कि उनका लक्ष्य विश्वस्तरीय शिक्षको की टीम के साथ आगामी दस वर्षो में विश्वविद्यालय को देश की टॉप 20 विश्वविद्यालयों की सूची में शुमार कराना है। 

प्रतिकुलाधिपति डॉ0 राजीव त्यागी ने कहा कि आगामी 16 अगस्त पर विश्वविद्यालय परिसर में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के श्रमिकों के खिलाड़ी बच्चो को सम्मानित किया जायेगा। स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को कुलपति प्रो0 पी0के0 भारती, कुलसचिव डॉ0 पीयूष पाण्डे आदि ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर मेरठ परिसर निदेशक डॉ0 प्रभात श्रीवास्तव, उपनिदेशक दूरस्थ शिक्षा अलका सिंह, संयुक्त कुलसचिव डॉ0 राजेश िंसंह, डॉ0 ऐना ब्राउन, डॉ0 मोहित शर्मा, प्रदीप शर्मा, विकास कौशिक, सी0एफ0ओ0 विकास भाटिया, डा0 संजय तिवारी, ब्रजपाल सिंह, दीपक कुमार, मारूफ चौधरी, अंजलि शर्मा, अरूण गोस्वामी, राजीव सिंह, पूजा, आंचल, प्राची, चेतन, नैन्सी, विश्वास त्यागी एवं मीडिया प्रभारी विश्वास राणा आदि उपस्थित रहे।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जिला मेरठ के पदाधिकारी बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में एस एस पी मेरठ से मिले।


मेरठ  27 जुलाई (चमकता युग)  पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जिला मेरठ के महामंत्री विपुल सिंघल के नेतृत्व में संस्था के पदाधिकारी मेरठ जनपद की बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में एस एस पी मेरठ से मिले।

अवगत कराया गया क़ि मेरठ जनपद में प्रतिदिन अपराधिक घटना होना आम बात हो रही है। मेरठ शहर हो या देहात प्रतिदिन हत्या, लूट-डकैती, छिनैती, की घटनाओ के कारण मेरठ के व्यापारी, उद्यमी, व आम नागरिक अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे है। बहन बेटियो के साथ हो रही छेड़ छाड़ एवं छिनैती की घटनाओ से उनका घर से निकलना दूभर हो रहा है। अपराधिक घटनाओ का शिकार अधिकांश व्यापारी व् उद्यमी होता है ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल (पंजी.), जिला मेरठ की एक जागरूक संस्था होने के कारण किसी के साथ भी होने वाली घटना को नजर अंदाज नहीं कर सकती है। हाल ही में कुछ घटनाये आपके संज्ञान हेतु प्रेषित है

1. दिनांक 24 -25 जुलाई की मध्य रात्रि में थाना नौचन्दी क्षेत्र में सिक्योरिटी का काम करने वाले व्यापारी श्री राज कमल राजपूत के घर 10 लाख से अधिक की चोरी जिसके अंदर चोरी का समय साथ के मकान पर लगे सेफ्टी कैमरे में साफ नजर आ रहा है तब भी घटना का खुलासा ना किया जाना।

2. सदर थाना क्षेत्र में सरकारी विभाग के अधिकारी के चालक संदीप के साथ व्हाट्सएप हैक कर लोगों को अश्लील फोटो भेजे जाने का मामला। 

3.  सदर थाना क्षेत्र में ही आने वाले सोतीगंज इलाके में पुलिस द्वारा 198 कैमरे लगे होने के बावजूद उनकी निगरानी ना किया जाना।

4.  सदर बाजार थाना क्षेत्र में ही दिनांक 24 जुलाई को 217 वेस्ट एन्ड रोड निवासी कुमारी रिया पुत्री राजेंद्र कुमार के साथ मंदिर से वापस आते समय चैन की लूट होना, कैमरे में घटना कैद होने के बाद भी बदमाशों को ना पकड़ा जाना और पुलिस द्वारा यह कहा जाना कि कैमरे में फोटो साफ नहीं दिखाई दे रही है यह पल्ला झाड़ने की आदत।  

5. कोतवाली थाना क्षेत्र में हापुड़ अड्डा स्थित भगत सिंह मार्केट में सर्राफ कपिल वर्मा के यहां से नौकर सिराज निवासी खरखौदा द्वारा 270 ग्राम सोना लेकर फरार हो जाना जिसका अभी तक पता नहीं लगा पाई स्थानीय पुलिस।

6. थाना भावनपुर क्षेत्र में कल 26 जुलाई को हसनपुर चौकी के पास से टीपी नगर निवासी  व्यापारी श्री अमित अग्रवाल से 15 लाख रुपए की लूट हो जाना।

7. 25 जुलाई को डिप्टी सीएम के कार्यक्रम स्थल के पास विक्टोरिया पार्क से विशाल की बाइक चोरी हो जाना। 

8. आज से 1 माह पूर्व 21 जून को दिल्ली गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत कबाड़ी बाजार में लोहा व्यापारी न्यू मोहनपुरी निवासी रजत की दुकान राम आयरन स्टोर से 7.5 लाख की चोरी का मामला अभी तक खोला जाना लंबित है । 

इसी प्रकार की अनेको घटनाओ से मेरठ की जनता-व्यापारी-उद्यमी दहशत में है। ऐसे में लगता है कि मेरठ पुलिस का अपराधियो पर कोई भय या डर नहीं रहा है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में गाड़ी का नंबर ना दिखाई देने की बात कहना अथवा अपराधी की शक्ल साफ ना दिखाई देने की बात पुलिस द्वारा किया जाना, केवल अपराधियो का हौसला बढ़ाने का काम है जो पुलिस कर रही है , ऐसा हमारा मानना है। अपराधियों के हौसले बढ़ते नजर आ रहे हैं।

मेरठ पुलिस पर जनता  का भरोसा कायम हो, इसके लिए अपराधियों पर मेरठ पुलिस को कहर बन कर टूटना पड़ेगा, निष्क्रिय कर्मियो को हटा कर सक्रिय व कर्तव्यनिष्ठ कर्मियो को आगे लाना होगा तभी अपराध और अपराधियो को रोका जा सकता है। व्यापारी उद्यमी व् आम नागरिक आपसे अपेक्षा करते है कि आप हम सब की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ कर अपराधियो के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही कर मेरठ को अपराधियो से मुक्त करेंगे।                                         

इस मौके पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज गुप्ता,  महामंत्री विपुल सिंघल, प्रदेश  उपाध्यक्ष सुबोध गुप्ता, ,  प्रदेश संयुक्त महामंत्री सोनम वर्मा, महानगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, नवीन अग्रवाल, सुशीला रस्तोगी, सीमा चौधरी, अनुज त्यागी, विकास गोयल, नरेश कंसल, सीमा चौधरी, ज्योति चौधरी, रितिका गुप्ता आदि मौजूद रहे।

मुख्य सचिव ने की डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर के लम्बित प्रकरणों की समीक्षा बैठक लम्बित प्रकरणों के निस्तारण में न हो प्रक्रियात्मक विलम्ब

लखनऊ 27 जुलाई (चमकता युग) मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने गत दिवस सोमवार को डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर के लम्बित प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रकरणों के निस्तारण में प्रक्रियात्मक विलम्ब न हो। 

उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण के प्रकरणों को निर्धारित समयसारिणी के अनुसार निस्तारित किया जाये ताकि निर्माण कार्य टाइम लाइन के अनुसार पूरे किये जा सकें और प्रोजेक्ट के पूरा होने में किसी भी प्रकार का विलम्ब न हो। कपितय प्रकरण माननीय न्यायालयों में विचाराधीन होने के कारण हो रहे विलम्ब पर उन्होंने प्रभावी पैरवी कर उक्त प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित कराने के निर्देश दिये।

बैठक का संचालन करते हुए प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग नितिन रमेश गोकर्ण ने बताया कि कॉरीडोर के अन्तर्गत 56 आरओबी बनाये जाने हैं, जिनमें से 17 का निर्माण पूरा हो गया है तथा 39 पर कार्य चल रहा है। भूमि अधिग्रहण आदि के 19 इश्यूज हैं, जिन पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। 

बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग, सचिव एवं राहत आयुक्त सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण तथा वीडियोकान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से सम्बन्धित जनपदों के जिलाधिकारीगण, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे। इससे पूर्व बैठक में जनपद गौतमबुद्धनगर, प्रयागराज, चन्दौली, मीरजापुर, कानपुर देहात, सहारनपुर, मेरठ, इटावा, औरेय्या में लम्बित इश्यूज पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। यहां पर यह उल्लेखनीय है ईस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर का 1058 किमी हिस्सा उत्तर प्रदेश से गुजर रहा है। 

आगामी विधानसभा चुनाव में परिवर्तन की लहर -आशीष शर्मा


मोदी नगर 27 जुलाई (चमकता युग) आगामी मोदी नगर विधानसभा क्षेत्र में परिवर्तन की लहर दौड़ रही । शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है ।उन्होंने कहा कि भाजपा प्रतिनिधि ने चुनाव में जो वादे जनहित में किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया है । आज भी मजदूरों की समस्याएँ मुँह बाये खड़ी हैं, आज भी मजदूर अपनी समस्याओं को लेकर दर दर भटक रहे हैं। चुनाव में शहर के गन्दे पानी के निकासी के लिए जो वादे किए थे , वे कार्य भी अभी तक पूरे नहीं किये है, हल्की सी बारिश में शहर जल मग्न हो जाता है ।भाजपा विधायक ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान  क्षेत्र में कन्याओं के लिए काॅलेज खोलने का जो वादा किया था वह भी अधुरा लटका पड़ा है और  चुनाव प्रचार में जो वादे किये थे कि मुझे क्षेत्र की जनता की सेवा करनी है मुझे पैसे की कोई आवश्यकता नहीं है हम हाॅस्पिटल से काफी पैसा कमा लेते हैं ? यदि क्षेत्र की जनता सेवा करनी थी फिर मोदी कपड़ा मिल गेट पर गोलीबारी क्यों हुयी ? शहर में जो भी निर्माण कार्य कराये गये उनमें निम्न स्तर की निर्माण सामग्री लगायी लेकिन विधायक  द्वारा कोई आवाज नहीं उठायी गयी । बल्कि तथा कथित रूप से नगर पालिका परिषद द्वारा कराये गये  निर्माण कार्यों में आवाज उठती रही कि छह प्रतिशत पर कमिशन को लेकर विवाद चल रहा है ?

कोविड- 19 संक्रमण बिमारी चलते डाक्टरों ने अपनी- अपनी ओ पी डी तक बन्द कर दी जिससे मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी ? विधायक ने इस ओर कोई ठोस कदम  नहीं उठाया  शायद ऐसा मानती हैं कि शहर के मतदाताओं ने उन्हें वोट नहीं दिया इस लिए शहर में विधायक निधि से कोई जनहित में कोई शहर में कोई कार्य नहीं करवाया गया है ? विधायक निधि से कादराबाद व हापुड़ रोड पर सवारिओं के लिए खड़े व बैठने के शेड बनाये गये उनमें सरकारी पैसे का दूरूउपयोग किया गया है ।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि आज शहर का हर वर्ग परेशान है । शहर में जल निगम उत्तर प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे सीवरेज पाइप लाइन का बिछाने का कार्य से आमजन बहुत परेशान है, जगह- जगह गड्ढे खोद कर डाल दिए हैं उनको ठीक भरा भी नहीं है, सड़कों को उखाड़ तो दिया पर सड़कों का निर्माण नही कराया गया है । सीवरेज पाइप लाइन बिछाने में जो सामग्री लगायी है वह भी निम्न स्तर की है । क्षेत्र में सरकारी धनराशि का उपयोग सही तरीके से हो यह जिम्मेदारी क्षेत्र विधायक की है । कांग्रेस के शहर अध्यक्ष ने कहा कि शहर में  चर्चा है कि इस आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा विधायक का  परिवर्तन अवश्य होगा ? उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल, डीजल, सी एन जी, घरेलू गैस, खाद्य सामग्री महंगाई  के चलते आसमान को छू रही है ।जिससे घरेलू महिलाएं को घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है? किसानों के तीन बिल को वापस नहीं ले रहे हैं, इसका असर आने वाले विधान सभा चुनाव पर पड़ेगा?

Monday, 26 July 2021

भारतीय सेना के पराक्रम से थरथर कांप गया था पाकिस्तान- जी.ओ.सी. पश्चिमी यूपी सब एरिया मेरठ श्री ए.के.गुप्ता

सुभारती विश्वविद्यालय में कारगिल शहीद स्मृति उपवन का हुआ शुभारंभ


कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानां के नाम रोपित किये गये 527 पेड़। शहीदों के परिजनों को नमन करते हुए किया गया सम्मानित। विश्वविद्यालय मेंं नजर आया कारगिल विजय दिवस का जुनून। 


मेरठ 26 जुलाई (चमकता युग) कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देशभक्ति के जनून से लबरेज सुभारती विश्वविद्यालय में कारगिल विजय दिवस हर्षोल्लास के साथ पर्व के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मांगल्या प्रेक्षागृह में मेजर जनरल जी.ओ.सी. पश्चिमी यूपी सब एरिया मेरठ श्री ए.के.गुप्ता ने विशिष्ट अतिथि विंग कमांडर प्रफुल्ल बक्शी, कर्नल एस.सी. त्यागी, नौसेना के कैप्टन राकेश शुक्ला, कर्नल राजेश अधाऊ, कर्नल राजेश त्यागी, कर्नल कपिल कत्याल के साथ सुभारती विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमति स्तुति नारायण कक्कड, संस्थापक डा.अतुल कृष्ण, कुलपति ब्रिगेडियर डा.वी.पी. सिंह, सीईओ डा.शल्या राज एवं कर्नल डा.एन.के आहूजा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन करते हुए कार्यक्रम का गर्मजोशी के साथ शुभारंभ किया। इस अवसर पर फाईन आर्ट के विद्यार्थियों ने सुभारती गान प्रस्तुत किया।


स्वागत भाषण को सम्बोधित करते हुए सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति ब्रिगेडियर डा. वी.पी. सिंह ने सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय को प्राप्त करने में शहीद हुए भारत माता के 527 वीर जवानों की याद को अमिट बनाने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय में तीन एकड़ भूमि के अन्दर ‘‘कारगिल शहीद स्मृति उपवन‘‘ की स्थापना की गई है। उन्हांने कहा कि सभी देशवासियों का कर्तव्य है, कि वह शहीद सैनिक के परिजनों को सम्मान दे और उनकी सहायता करें। उन्होंने कहा कि हमारे वीर सैनिकों ने जिस प्रकार कारगिल युद्ध में पाकिस्तान को चारों खाने चित करके विजय ध्वज फहराया था इसी भावना का सम्मान करते हुए आज सुभारती विश्वविद्यालय शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित कर रहा है।


कर्नल एस.सी. त्यागी ने कारगिल युद्ध का सभी के समक्ष परिचय दिया। उन्होंने बताया कि युद्ध में किस प्रकार एक सैनिक अपने देश की रक्षा के लिये प्राणों की आहूति देता है। उन्होंने स्क्रीन पर कारगिल क्षेत्र का नक्शा, फोटो एवं युद्ध के दौरान की कुछ वीडियो प्रदर्शित करके सभी को भारतीय सेना की गौरवशाली पराक्रम की गाथा सुनाई।


नौसेना के कैप्टन राकेश शुक्ला ने कारगिल युद्ध में नौसेना की भूमिका से सभी को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय नौसेना ने समुंद्री क्षेत्र में पाकिस्तान की घेराबन्दी करके उनकी कमर तोड़ने का काम किया था। उन्होंने बताया कि युद्ध के दौरान तेल की मुख्य भूमिका होती है और भारतीय नौसेना ने पाकिस्तान के तेल की सप्लाई बांधित करते हुए पाकिस्तानी नौसेना को उन्हीं की बंदरगाह से बाहर नही निकलने दिया और उन्हें युद्ध लड़ने में असमर्थ बना दिया। 

वायुसेना के विंग कमांडर प्रफुल्ल बक्शी ने कारगिल युद्ध में वायुसेना की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना के विमानों की गरज से पाकिस्तान थर थर कांपने लगा था और पाकिस्तान के क्षेत्र में घुसकर भारतीय वायु वीरों ने ताबड़तोड़ बम बरसाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के लिये वायुसेना की भूमिका सबसे अहम होती है और वायुसेना के बगैर युद्ध लड़ना असंभव हैं। उन्होंने भारतीय सेना के जांबाज वीरों की वीरता के पराक्रम पर आधारित अपनी कविता सुनाकर सभी को जोश से लबरेज कर दिया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मेजर जनरल जी.ओ.सी. पश्चिमी यूपी सब एरिया मेरठ श्री ए.के. गुप्ता ने अपने सम्बोधन में सभी को कारगिल विजय दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के हौसलें आसमां की बुलंदियों से ऊंचे हैं और हर सैनिक भारत माता की दुशमनों से रक्षा करने हेतु तत्पर है। उन्हांने सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों के नाम 527 पेड़ लगाकर शहीद स्मृति उपवन की स्थापना पर हर्ष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि आज सुभारती विश्वविद्यालय ने बहुत ही गौरवशाली कार्य किया है और शहीद स्मृति उपवन में कारगिल युद्ध में शहीद हुए 527 जवानों की याद अमर हो गई है।

इस दौरान मेजर जनरल जी.ओ.सी. पश्चिमी यूपी सब एरिया मेरठ श्री ए.के. गुप्ता, कुलाधिपति श्रीमति स्तुति नारायण कक्कड, संस्थापक डा. अतुल कृष्ण, कुलपति ब्रिगेडियर डा.वी.पी. सिंह, सीईओ डा. शल्या राज,  कर्नल डा.एन.के आहूजा द्वारा कारगिल युद्ध में शहीद हुए शहीद यशवीर सिंह, शहीद जुबैर अहमद, शहीद सतपाल सिंह, शहीद योगेन्द्र सिंह, शहीद मनोज तलवार, शहीद सतीश कुमार के परिजनों को पगडी पहनाकर व स्मृति चिहृ प्रदान करके सम्मानित किया।

सेना मैडल कर्नल राजेश अधाऊ ने कारगिल युद्ध के दौरान घायल जवानों के उपचार करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि युद्ध में बरसती गोलियों के बीच वह डट कर अपने जवानों को चिकित्सीय सेवाएं प्रदान करते रहे इस दौरान वह कई बार दुशमनों की फायरिंग के बीच घिरे भी लेकिन उन्होंने साहस करते हुए अपने घायल जवानों का उपचार किया। यह उल्लेखनीय है कि ऐसा बहुत कम होता है कि किसी सहायक ईकाई जैसे कि मेडिकल, इंजीनियरिंग के किसी सिपाही को सेना मेडल से नवाजा गया हो परन्तु कर्नल राजेश उन गिने चुने लोगों में हैं जिन्हें मेडिकल कोर का होने के बाद भी सेना मेडल से नवाजा गया। 

कार्यक्रम के संयोजक एवं चैयरमेन क्यू.सी. कर्नल डा. एन.के. आहूजा ने बताया कि सुभारती डिफेन्स एकेडमी की भी स्थापना किये जाने के प्रस्ताव पर गम्भीरता से विचार किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत सेना में चयन होने के लिये विद्यार्थियों को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी और स्नातक की डिग्री भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय देश को अखण्ड राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ अपने विद्यार्थियों का ज्ञान वर्धन कर रहा है ताकि अपनी योग्यता से विद्यार्थी देशहित में योगदान दे सकें।

सुभारती विश्वविद्यालय की कुलाधिपति पूर्व आई.ए.एस. श्रीमति स्तुति नारायण कक्कड ने अपने उद्बोधन में कहा कि कारगिल शहीद स्मृति उपवन के द्वारा भारत माता के वीर सूपतों की याद हमेशा के लिये स्वर्णिम बन गई हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हमारे सैनिक देश की सरहदों पर हमारी रक्षा करते है इसी प्रकार हम सभी देशवासी अपने कर्तव्य को निभाते हुए देश की उन्नती में अपना योगदान दें। 

सुभारती विश्वविद्यालय के संस्थापक डा.अतुल कृष्ण ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में अपनी वीरता का पराक्रम दिखाकर शहीद हुए 527 जांबाज़ जवानों की शहादत की याद को अमर बनाते हुए तीन एकड़ भूमि पर विश्वविद्यालय में ‘‘कारगिल शहीद स्मृति उपवन‘‘ की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि शहीदों के नाम पर वृक्ष लगाकर उनकी याद को हमेशा के लिये अमर बनाया जाएंगा। उन्होंने बताया कि शहीद स्मृति उपवन देश का पहला ऐसा उपवन है जिसमें 527 शहीदों के नाम के पेड़ लगाएं गये है। इससे एक ओर हमारे पर्यावरण का संरक्षण होगा तो वहीं कारगिल युद्ध के शहीद वीर जवानों की याद हमेशा के लिये अमर होगी। उन्होंने कार्यक्रम में भारतीय थल सेना, वायुसेना एवं नौसेना के अधिकारियों एवं समस्त अतिथिगणों का अभिनंदन करते हुए धन्यवाद दिया।

कारगिल शहीद स्मृति उपवन में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल संजय हुड्डा रहे। इस अवसर पर शहीद यशवीर सिंह, शहीद जुबैर अहमद, शहीद सतपाल सिंह, शहीद योगेन्द्र सिंह, शहीद मनोज तलवार, शहीद सतीश कुमार के नाम के पेड़ शहीदों के परिजनों के साथ मिलकर रोपित किये गये। वंदे मातरम गायन से कार्यक्रम का समापन हुआ।

मंच का संचालन डा. नीरज कर्ण सिंह एवं अर्चिता भटनागर ने किया

इस अवसर पर श्री यशपाल सिंह, कुलसचिव डी.के सक्सैना, अतिरिक्त कुलसचिव सैयद ज़फ़र हुसैन, डा. डीसी सक्सैना, प्रतिकुलपति डा. विजय वधावन, डा.ए.के. श्रीवास्तव, डा. सत्यम खरे, डा. विनीता निखिल, डा.एसडी खान, डा.वैभव गोयल भारतीय, डा.महावीर सिंह, डा.अभय शंकरगौड़ा,  प्रबन्धक उद्यान एसी पाठक व आनन्द पाल, डा.पिन्टू मिश्रा, डा.पूजा गुप्ता, डा.भावना ग्रोवर, विधि खंडेलवाल, डा.मनोज कपिल, डा.शिव मोहन, डा.मनोज त्रिपाठी, डा.संदीप चौधरी, डा. आरपी सिंह, डा.रवि, डा. प्रशान्त, असिस्टेंट डायरेक्टर पीपीडी ई.आकाश भटनागर, मीडिया प्रभारी अनम शेरवानी, विशाल सिंह, विवेक तिवारी, समीर सिंह, राजकुमार सागर सहित आयोजक समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहें। 

अनुबंधित रोडवेज बस के परिचालक ने की फांसी लगाकर आत्महत्या


मेरठ 26 जुलाई (चमकता युग) मेरठ के पल्लवपुरम थानाक्षेत्र के गांव रोशनपुर डोरली में रोडवेज बस के परिचालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी लगने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मूल रूप से जालौन का रहने वाला परिचालक गांव में किराए के मकान पर रह रहा था। जहां उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। 

मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के गांव रोशनपुर डोरली में जालौन निवासी बृजेश ईश्वर के मकान पर किराए पर रह रहा था। वह मेरठ रोडवेज बस अड्डे पर बनुबंधित बस का परिचालक था। बताया गया कि सोमवार सुबह मकान अंदर से बंद था। वहीं अंदर परिचालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी लगने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और मोर्चरी भिजवाया। 

बताया गया कि मृतक का परिवार जालौन में रहता है और पत्नी अध्यापिका है। वहीं बृजेश  पांच साल से गांव रोशनपुर डौरली में रह रहा था। आत्महत्या के कारणों का  अभी पता नहीं लग सका है।


किसान सम्मेलन में भाजपा सरकार पर साधा निशाना


मेरठ 26 जुलाई (चमकता युग) रालोद के चलो गांव की ओर कार्यक्रम में रालोद किसान प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष राममेहर सिंह ने कहा कि भाजपा के शासन में किसान और मजदूर परेशान है।

फलावदा क्षेत्र के गांव दांदूपुर में रविवार को आयोजित किसान सम्मेलन में राम मेहर ने भाजपा सरकार पर जमकर निशान साधते हुए कहा कि सरकार किसानों का अपमान कर रही है। रोजगार देने के बजाए देश को बेरोजगारी की ओर धकेल दिया है। देश सुरक्षित हाथों में नहीं है। डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं और धान का रेट घटा दिया है। इस तरह से किसानों की आय कैसे दोगुनी होगी। उधर, देश में बढ़ती मंहगाई ने सभी की कमर तोड़कर रख दी है।

मंच से वक्ताओं ने यह आह्वान किया कि आगामी चुनाव में गठबंधन के प्रत्याशी का समर्थन करें ताकि किसानों से झूठे वायदे करने वाली सरकार को सबक सिखाया जा सके। अध्यक्षता मतलूब गौड़, संचालन राजकुमार सांगवान ने किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री डॉ. मैराजुद्दीन, पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, नरेंद्र खजूरी, चौधरी यशवीर सिंह, सुनील रोहटा, राहुल देव, सौरभ चौधरी, भारतवीर, रतन सिंह, विकास, मोनू पंवार, संगीता, सावित्री, रामफल बहजादका, महावीर, मुन्नू सैनी, हरी प्रकाश आदि रहे।

बागपत की किशोरी को मेरठ में बंधक बनाकर रेप


मेरठ 26 जुलाई (चमकता युग) लिसाड़ी गेट की शाहजहां कॉलोनी में किशोरी को बंधक बनाकर रेप किया गया। इस मामले की जानकारी पर आरोपी को पकड़ लिया गया और इस पूरे मामले में पंचायत बैठी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आरोपी को पुलिस के हवाले किया गया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।

बागपत के सिंघावली निवासी किशोरी अपने परिवार के साथ मेरठ की शाहजहां कॉलोनी में शादी समारोह में आई थी। किशोरी शनिवार को लापता हो गई थी। रविवार दोपहर के समय किशोरी वापस अपने घर पहुंची और बताया कि उनके ही गांव के रहने वाले मुन्ना ने उसे बहाने से बुलाया था और अपने मौसी के घर ले गया। इसके बाद वहां आरोपी ने रेप किया। इस मामले की जानकारी पर किशोरी के परिजनों ने आरोपी पक्ष से संपर्क किया। इस मामले में बातचीत के लिए पंचायत बुलाई गई। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई तय नहीं हो पाई तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। इस मामले में किशोरी के साथ रेप की तहरीर दी गई, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि पुलिस का मानना है कि किशोरी और युवक दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं तो संभव है कि दोनों एक दूसरे को जानते थे। इस मामले में अभी जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट रामसंजीवन यादव ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिली है और मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...