Tuesday, 8 June 2021

पूर्व प्रमुख का बेटा जेल भेजा, कुनकुरा में पुलिस तैनात

मेरठ। इंचैली क्षेत्र के ग्राम कुनकुरा में ग्राम पंचायत सदस्य प्रत्याशी के पति राहुल जाटव की हत्या के मुख्य आरोपी पूर्व प्रमुख के बेटे अंकित को पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आए। गांव में तनाव की आशंका के मद्देनजर पुलिस बल तैनात है।

कुनकुरा में राहुल जाटव की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात से कुछ देर पहले राहुल अपनी पत्नी का ग्राम पंचायत सदस्य का पर्चा भरवाकर घर लौटे थे। इस मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेंद्र जाटव समेत छह पर केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेंद्र के बेटे अंकित को सोमवार को जेल भेज दिया। पूछताछ में अंकित ने कुबूला कि पिता जिला पंचायत और मां प्रधानी चुनाव हार गए। अब राहुल को ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने के लिए मना किया था। क्योंकि अंकित के पिता योगेंद्र ने अरुण नामक प्रत्याशी को सपोर्ट दे रखा था। वह चाहते थे कि अरुण निर्विरोध बने। राहुल के पर्चा वापस न लेने पर उसकी हत्या कर दी।

अंतिम संस्कार में भीड़ उमड़ी

सोमवार दोपहर ढाई बजे राहुल का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। पत्नी अंजली शव देखते ही बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। गांव के श्मशान में अंतिम संस्कार हुआ।

ग्रामीणों ने लगाए आरोप

ग्रामीणों ने कहा कि हत्यारोपी पक्ष पूर्व में ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। इसके बावजूद भी उन्हें सब्र नहीं रहा। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी पक्ष गांव में तानाशाही रवैया बनाकर रहता है। वह नहीं चाहते थे कि गांव की सत्ता किसी अन्य पक्ष के पास जाए। उधर, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात है। 

No comments:

Post a Comment

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...