मेरठ 19 अगस्त(चमकता युग)मेरठ में पांच साल पहले लिया साढ़े चार लाख रुपये का लोन 11 लाख का हो गया। इस दौरान साढ़े तीन लाख रुपये जमा भी कर दिए थे। अब फाइनेंस कंपनी ने नोटिस भेजकर मकान नीलाम कराने की चेतावनी दी है।पीड़ित ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने इस मामले में जांच पड़ताल का आश्वासन दिया है। फाइनेंस कंपनी से भी पूछताछ की जाएगी।टीपीनगर थाना क्षेत्र के शेखपुरा निवासी ब्रज मोहन ने बताया कि पांच साल पहले उन्होंने मेडिकल क्षेत्र की एक फाइनेंस कंपनी से मकान निर्माण के लिए लोन लिया था। इस दौरान उन्होंने करीब साढ़े तीन लाख रुपये जमा भी कर दिए, लेकिन कुछ दिन पहले उनके पास कंपनी से नोटिस आया। उसमें लिखा था कि रकम 11 लाख रुपये हो चुकी है। जल्द ही रुपये जमा नहीं कराए तो मकान नीलाम कर दिया जाएगा। इस पर पीड़ित व्यक्ति ने एसएसपी कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई। वहां से उनको मेडिकल थाने भेज दिया गया। गुरुवार को पीड़ित थाने पहुंचा और कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी प्रमोद गौतम ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।पीड़ित ने बताया कि उन्होंने कंपनी के ही एक कर्मचारी को 20 हजार रुपये के हिसाब से तीन बार में 60 हजार रुपये दिए थे। उसने जमा कराने की बात की थी, लेकिन जब पता किया तो रुपये जमा नहीं थे। जानकारी की तो पता चला कि उसने नौकरी छोड़ दी है।
No comments:
Post a Comment