Monday, 18 October 2021

आज से घर-घर दस्तक देकर आशा कार्यकर्ता जानेंगी बुखार के मरीजों का हाल।

जनपद में दस्तक व विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान।

नोएडा 18 अक्टूबर (चमकता युग) जनपद में दस्तक एवं विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान मंगलवार (19 अक्टूबर) से शुरू होगा। पहले यह अभियान जनपद सहित पूरे प्रदेश में सोमवार (18 अक्टूबर) से शुरू होना था। अब 19 अक्टूबर से एक नवम्बर तक दस्तक अभियान और 19 अक्टूबर से 17 नवम्बर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.सुनील कुमार शर्मा ने बताया-दस्तक अभियान में फ्रंट लाइन वर्कर्स घर-घर सर्वे कर बुखार,आई.एल.आई (इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस),सारी (सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इंफेक्शन),टीबी के संभावित मरीजों व कुपोषित बच्चों को चिह्नित करेंगी।

जिला मलेरिया अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया-यह समय डेंगू मलेरिया और अन्य संचारी रोगों के प्रसार के लिहाज से काफी अनुकूल है,जिसे देखते हुए शासन से दस्तक एवं विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाए जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से घर-घर जाएंगी और पता करेंगी कि किसी को बुखार अथवा अन्य कोई संचारी रोग तो नहीं है। लक्षणों के आधार पर उनकी डेंगू-मलेरिया की जांच कराएंगी। वह बीमार लोगों की सूची बनाएंगी और तत्काल ब्लाक स्तर पर अधिकारियों को इसकी जानकारी देंगी ताकि उन्हें तुरंत उपचार मुहैया कराया जा सके। अभियान में स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग की भूमिका निभाएगा। अभियान में 12 विभागों को शामिल किया गया है,जिसमें नगर निगम,जिला पंचायत,पशु पालन विभाग,कृषि विभाग,बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग,शिक्षा विभाग,सूचना विभाग,सिंचाई विभाग,नगर विकास विभाग मुख्य हैं। उन्होंने कहा-डेंगू से दिवाली तक ज्यादा सचेत रहने की जरूरत है। उसके बाद तापमान गिरने पर मच्छरों के लिए अनुकूल समय नहीं रहता है। इसलिए दिवाली तक मच्छरों से अपना बचाव करें। इसके लिए सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। बच्चों को पूरी बांह के कपड़े पहनाकर ही घर से बाहर भेजें। डेंगू का मच्छर दिन में काटता है और यह साफ पानी में पनपता है। इसलिए कूलर आदि को साफ करके सुखा दें। घर में किसी डिब्बे,टायर या फिर अन्य बर्तन में पानी न भरा रहने दें। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं। आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता पूछेंगी यह सवाल:

1.क्या परिवार में किसी सदस्य को बुखार है।

2.परिवार के किसी सदस्य को दो सप्ताह से  खांसी व सांस लेने में दिक्कत तो नहीं हो रही।

3.परिवार में कोई ऐसा सदस्य है,जिसे दो सप्ताह से खांसी आ रही हो या वजन कम हो गया हो।

4.क्या परिवार में किसी बच्चे के स्वास्थ्य का स्तर सामान्य से कम है।



No comments:

Post a Comment

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...