मेरठ 26 अगस्त (CY न्यूज) डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था सुधरने के साथ मेरठ शहर को खत्ता मुक्त करने का अभियान अब गति पकड़ेगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस लाइंस में नगर निगम की 76 नई डोर टू डोर कूड़ा गाड़ियों, एक मोबाइल काम्पेक्टर और एक रोड स्वीपिंग मशीन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उनके साथ औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल नन्दी, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, राज्यमंत्री दिनेश खटीक, राज्य मंत्री बृजेश सिंह और ऊर्जा राज्यमंत्री डा.सोमेंद्र तोमर मंच पर मौजूद रहे। महापौर सुनीता वर्मा भी मंच पर मौजूद रहीं।
गौरतलब है कि नगर निगम प्रशासन ने कुल 76 नई कूड़ा गाड़ी खरीदी हैं। निगम में 180 पुरानी कूड़ा गाड़ी हैं। इस तरह अब कुल 256 कूड़ा गाड़ी हो गईं हैं। पांच नए बड़े रिफ्यूज मोबाइल काम्पेक्टर खरीदे गए हैं। निगम का दावा है कि अब शहर को खत्तामुक्त किया जाएगा। इसकी शुरुआत सूरजकुंड वाहन डिपो क्षेत्र के 37 वार्डो से होने जा रही है। यहां पर कूड़ा उठान की नई व्यवस्था अब रिफ्यूज काम्पेक्टर आधारित होगी।
No comments:
Post a Comment