मेरठ 04 अक्टूबर (CY न्यूज) एक अक्टूबर से शुरू हुए पोस्ट मानसून सीजन में जल्द ही मौसम फिर से करवट लेने जा रहा है। दशहरा की रात से मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश के आसार हैं। तेज हवा के साथ संभावित बारिश अपने साथ सर्दी भी लेकर आएगी। खराब मौसम के बीच हवा और बारिश का यह दौर आठ अक्तूबर तक चलेगा। बारिश की गतिविधियां सात-आठ अक्टूबर को चरम पर होंगी।
पांच को हल्की बारिश:
मानसूनी सीजन 30 सितंबर को खत्म हो चुका है। हालांकि अभी मानसून ने पूरी तरह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से विदाई नहीं ली है। मौसम विभाग 30 सितंबर तक की बारिश को मानसूनी सीजन में शामिल करता है। इसके बाद मानसून की मौजूदगी के बावजूद बारिश पोस्ट मानसूनी सीजन में शामिल होती है। मौसम विभाग और निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पांच अक्टूबर की देर शाम से मौसम में बदलाव आएंगे। हल्की बारिश से शुरुआत होगी और धीरे-धीरे इसमें तेजी आएगी। सात और आठ अक्टूबर को व्यापक बारिश के आसार हैं।
30 से नीचे पहुंचगा तापमान:
मौसम में बदलाव एवं बारिश से दिन-रात के तापमान में गिरावट होगी। अर्से बाद मेरठ में अक्टूबर में अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं। दीवाली से पहले हो रही यह बारिश सर्दी की दस्तक में तेजी लाएगी। इस दौरान उत्तराखंड में भी भारी बारिश का अलर्ट है। 12 अक्टूबर के बाद उत्तर-पश्चिमी हवा मैदानों में पहुंचने लगेंगी और पूरा सिस्टम हट जाएगा। वहीं, सोमवार को मेरठ में दिन का तापमान 34.1 और रात का 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक-एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। एक्यू.आई 117 रिकॉर्ड हुआ।
No comments:
Post a Comment