Monday, 17 October 2022

नहीं रहे देश-विदेश में मशहूर जादूगर ओ.पी शर्मा।

 

कानपुर 16 अक्टूबर (CY न्यूज) हैरत भरी जादुई कला से देश-विदेश में नाम कमाने वाले जादूगर ओ.पी शर्मा का शनिवार देर रात निधन हो गया। ओ.पी शर्मा के निधन की खबर सुनकर उनके चाहने वालों और प्रशंसकों में मायूसी है। कई राजनीतिक हस्तियों ने ओ.पी शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। जादू के बेताज बादशाह कहलाने वाले ओ.पी शर्मा ने कानपुर के बर्रा-दो में अपना आवास बनवाया था। उन्हें जादू से इतना लगाव था कि अपने आवास का नाम `भूत बंगला' रखा। कानपुर शहर में कोई अनजान व्यक्ति उनके आवास पर पहुंच जाय तो वह बंगले का दृश्य देखते ही जान जाता था कि यहां कोई जादूगर रहता है।

अपनी कला में माहिर ओ.पी शर्मा ने राजनीतिक क्षेत्र में भी किस्मत आजमाई थी। लेकिन वह उसमें सफलता हासिल नहीं कर सके। उनके रिश्ते समाजवादी पार्टी से काफी अच्छे थे और उन्हें सपा ने कानपुर के गोविन्दनगर विधानसभा सीट से वर्ष 2002 में चुनाव मैदान में उतारा था।

ओ.पी शर्मा के निधन पर राजनेताओं ने जताया शोक:

जादूगर ओ.पी शर्मा के निधन की जानकारी मिलते ही भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी और सांसद देवेंद्र सिंह भोले, कानपुर महापौर प्रमिला पाण्डेय, सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी समेत अन्य राजनेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जादू की दुनिया में नाम कमाया और भूतबंगला को अपना ठिकाना बनाया। वह अपने पीछे तीन पुत्र, एक पुत्री और पत्नी का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

No comments:

Post a Comment

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...