Wednesday, 28 September 2022

युवक की सिर कटी लाश मिलने से फैली सनसनी।

तीन घंटे बाद हुई पहचान, सिर को तलाशने में जुटी पुलिस।

मेरठ 27 सितंबर (CY न्यूज) थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हडकंप मच गया। जब गांव खजूरी में युवक की सिर कटी लाश मिली। चारा लेने जा रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन तीन घंटे बाद मृतक की पहचान क्षेत्र निवासी युवक के रूप में हुई। फिलहाल पुलिस शव से गायब गर्दन को तलाशने में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार शव के पास से एक मोबाइल भी मिला है, जिससे दोनों सिम कार्ड गायब हैं। मंगलवार की सुबह खजूरी निवासी मुनकाद व शाहरुख भैंसा-बुग्गी लेकर पशुओं का चारा लेने अपने खेतों पर जा रहे थे। जैसे ही वह खजूरी-लालपुर के बीच चकरोड से अपने खेत पर पहुंचे तो चकरोड़ के बीचों बीच खून पड़ा मिलने पर दोनों युवकों ने अपनी भैंसा बुग्गी रोक ली। 20 मीटर की दूरी पर ईख के खेत में गर्दन कटा शव दिखाई दिया। सिर कटी लाश देख दोनों युवकों के होश उड़ गए। दोनों बिना चारा लिए ही घर वापस लौट आए और ग्रामीणों को गर्दन कटा शव मिलने की जानकारी दी। ग्रामीणों ने सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस व आसपास गांव के लोग शव को देखने के लिए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। पुलिस ने तकरीबन दो घंटे तक शव की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद गांव के युवकों द्वारा मोबाइल पर गर्दन कटी लाश की फोटो सोशल मीडिया पर डाली गई। पुलिस ग्रामीणों से कपडे से पहचाने का प्रयास किया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिला। काफी मशक्कत करने के बाद शव की पहचान कपड़े, बेल्ट व हाथ में चोट से कपिल पुत्र धीरेंद्र के रूप में हुई। कपिल की हत्या की सूचना पर पिता धीरेंद्र मौके पर पहुंचे और फूट-फूट कर रोने लगे। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

पी.एन.जी के विरोध में व्यापारियों ने निकाली कार रैली।

मेरठ 27 सितंबर (CY न्यूज) वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के नए प्रावधानों के विरोध में उद्यमियों ने मंगलवार को कार रैली निकाली। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कमिश्नरी पहुंची। एक अक्टूबर से उद्योगों को पी.एन.जी से चलाने की अनिवार्यता हो जाएगी। इतना ही नहीं घरों से लेकर बाजारों तक डीजल जेनरेटर का इस्तेमाल बंद हो जाएगा। उद्यमी लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। एक अक्टूबर से नए प्रावधानों के लागू होने के बाद केवल पी.एन.जी आधारित ईंधन का प्रयोग ही उद्योगों में किया जा सकेगा। नई व्यवस्था का असर उद्योग, घर, बाजार से लेकर कारोबार तक पड़ना तय है। इसके विरोध में उद्यमी आंदोलन कर रहे हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए शहर भर में पोस्टर लगाए गए हैं। मंगलवार को आसपास के जनपदों के उद्यमी मेरठ पहुंचे और पी.वी.एस से कार रैली शुरू की। रैली शहर से होते हुए कमिश्नरी पहुंची और वहां कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। आई.आई.ए के मेरठ चैप्टर चेयरमैन सुमनेश अग्रवाल ने बताया कि नए प्रावधानों को उद्यमियों पर थोपा जा रहा है। उद्यमियों पर आंदोलन के लिए अलावा दूसरा रास्ता नहीं बचा है। 30 सितंबर तक सभी फैक्ट्रियों को पी.एन.जी पर शिफ्ट करना संभव नहीं है। जेनरेटर भी पी.एन.जी से चलाने का आदेश जारी हुआ है। इन आदेशों से एन.सी.आर क्षेत्र की इंडस्ट्रियां बंदी के कगार पर पहुंच जाएंगी। सुमनेश अग्रवाल ने बताया कि जनरेटर को पी.एन.जी आधारित बनाने के लिए प्रति इकाई औसतन आठ से दस लाख रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे। पूरे एन.सी.आर में करीब 50 हजार करोड़ रुपये का खर्च आएगा। विद्युत प्रयोग का खर्च 12 रुपये प्रति यूनिट आता है, जबकि पी.एन.जी की व्यवस्था में यह खर्च करीब तीन गुना तक हो जाएगा। नए प्रावधानों से इंस्पेक्टर राज को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान मंडलायुक्त सुरेन्द्र सिंह को ज्ञापन सौंपा।

छोटू राम इंजीनियरिंग कॉलेज के गेट पर पिटबुल कुत्ते को बधा देख मचा हडकंप।

मेरठ 27 सितंबर (CY न्यूज) मंगलवार को यूनिवर्सिटी रोड पर सर छोटूराम इंजीनियरिंग कॉलेज के गेट के समीप किसी ने पिटबुल कुत्ते को बांध दिया। इसकी जानकारी होते ही खलबली मच गई। विश्वविद्यालय से सूचना मिलने पर फैंटम की टीम पहुंची है। नगर निगम से कोई नहीं पहुंचा है। मंगलवार की सुबह सर छोटू राम इंजीनियरिंग कालेज के गेट पर लोगों ने पिटबुल डॉग को बंधा देख चौक गये। कुत्ते की नाक से खून निकल रहा था। उसके पास बिस्कुट रखे हुए थे। पिटबुल कुत्ते को देखने के लिए यहां पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी। आसपास के लोगो ने  निगम के अधिकारियों को फोन कर इसकी जानकारी दी। लेकिन निगम की ओर से कोई नहीं पहुंचा। पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा.हरपाल सिंह ने अनुबंधित कंपनी की टीम पिटबुल को जब्त करने भेजी है। इसकी नाक के पास चोट लगी है। खून भी निकल रहा है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि मोटरसाइकिल पर कुछ लोग आए उनके पीछे से ई-रिक्शा पर इसको लेकर यहां पर बांध दिए।

सुप्रीम कोर्ट का अहम आदेश।

ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में तुरंत रोकी जाएं व्यावसायिक गतिविधियां।


नई दिल्ली (एजेंसी) 27 सितंबर (CY न्यूज) अब ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में कोई भी व्यावसायिक गतिविधियां नहीं हो सकेगी। मंगलवार को सुप्रीम सुप्रीम कोर्ट ने आगरा विकास प्राधिकरण को यह निर्देश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ताजमहल की परिधीय दीवार से 500 मीटर के दायरे में सभी व्यावसायिक गतिविधियों को तुरंत रोकने का निर्देश है। सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संजय किशन कौल और ए.एस ओका की पीठ ने आगरा विकास प्राधिकरण को 17वीं सदी के सफेद संगमरमर के मकबरे के संबंध में अपने आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है। सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को निर्देश देने की मांग वाली एक याचिका पर सुनवाई के दौरान आया है। अपने आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने कहा, 'हम आगरा विकास प्राधिकरण को स्मारक ताजमहल की परिधीय दीवार (सीमा) से 500 मीटर के भीतर सभी व्यावसायिक गतिविधियों को हटाने का निर्देश देते हैं। यह भारत के संविधान के अनुच्छेद 14 के अनुरूप होगा।' वाहनों की आवाजाही पर सख्त नियमों के अलावा स्मारक का 500 मीटर का दायरा एक नो-कंस्ट्रक्शन जोन है। पूरे क्षेत्र में स्मारक के पास लकड़ी जलाने और नगरपालिका ठोस कचरा और कृषि अपशिष्ट पर भी प्रतिबंध है। सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने न्याय मित्र के रूप में अदालत की सहायता कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता ए.डी.एन राव की दलीलों पर विचार किया कि ताजमहल के पास सभी व्यावसायिक गतिविधियों को प्रतिबंधित करने के लिए निर्देश जारी करना संरक्षित स्मारक के हित में होगा।

रुपाली के बुर्का नहीं पहनने पर पति ने रेत दिया गला।

तीन साल पहले इकबाल से किया था प्रेम विवाह।

मुंबई (एजेंसी) 27 सितंबर (CY न्यूज) बुर्का व हिजाब को लेकर कई देशों में बढ़ते बवाल के बीच मुंबई से हैरान करने वाली खबर आई है। इकबाल महमूद शेख नामक शख्स ने अपनी पत्नी रुपाली को इसलिए गला रेतकर मार डाला कि वह मुस्लिम रीति रिवाज नहीं मान रही थी और बुर्का नहीं पहनती थी। रुपाली ने इकबाल से अंतरधार्मिक विवाह किया था, लेकिन वह इकबाल की जोर जबर्दस्ती से तंग आकर तलाक मांग रही थी। तलाक के पूर्व  ही आरोपी ने उसकी जघन्य हत्या कर डाली। पुलिस के अनुसार आरोपी इकबाल शेख ने सोमवार रात पत्नी रूपाली को सरेराह चाकू से गोद डाला। घटना मुंबई के चेंबूर इलाके में हुई। मुंबई पुलिस ने आरोपी इकबाल को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि रूपाली ने इकबाल शेख से तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों चेंबूर इलाके में स्थित इकबाल के घर में रहते थे। रूपाली चूंकि हिंदू थी और शादी के बाद भी वह मुस्लिम रीति-रिवाजों का पालन नहीं कर रही थी, इसलिए इकबाल खुद और उसके परिजन उससे खफा थे। इकबाल के परिजन रूपाली को बुर्का पहनने के लिए दबाव डालते थे, लेकिन वह नहीं मानती थी। इसे लेकर कलह होने लगी थी। इसके बाद रुपाली और इकबाल अलग रहने लगे थे। दंपती का एक बेटा भी है। छह माह से अलग रहते हुए भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रहती थी। हालांकि, इकबाल इस दौरान भी उस पर मुस्लिम परंपराओं को मानने के लिए दबाव डालता था। रुपाली इकबाल की दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी के बच्चे नहीं होने पर उसने उसे तलाक दे दिया था।

मिलने के लिए बुलाया और सरेआम चाकू घोंपे:

आरोपी इकबाल शेख ने रूपाली को सोमवार शाम चेंबूर इलाके के पी.एल लोखंडे मार्ग पर नागेवाड़ी में मिलने बुलाया। इस दौरान दोनों के बीच फिर बुर्के व अन्य बातों को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। इस पर रुपाली ने तलाक की मांग दोहराई। कहासुनी व विवाद बढ़ने पर इकबाल ने अपनी जेब से चाकू निकाला और रुपाली के गले पर ताबड़तोड़ वार किए और भाग निकला। रुपाली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौजूद लोगों ने पुलिस को खबर की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अस्पताल के लिए भेजा। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।

अग्निवीर भर्ती योजना के नाम पर ठगी, सेना का जवान गिरफ्तार।

वसूली करते हुए मेरठ की एस.टी.एफ यूनिट ने मिलट्री अस्पताल से पकड़ा।

मेरठ 27 सितंबर (CY न्यूज) आर्मी की सिग्नल कोर हेडक्वार्टर-3 ई.डब्लू बिग्रेड पुणे में तैनात हेड कांस्टेबल भारतीय सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठगी कर रहा था। सूचना के आधार पर मेरठ एस.टी.एफ ने मिलिट्री अस्पताल के पास से आरोपी को धर दबोचा। उसके पास से मोबाइल फोन के अलावा सेना कार्ड, अग्निवीर भर्ती से संबंधित दस्तावेज व एक हजार रुपए बरामद किए गए। आरोपी 2009 से सेना में भर्ती है। आरोपी अब अग्निवीर भर्ती योजना अंतर्गत भारतीय सेना में भर्ती कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूल रहा था। जनपद मुजफ्फरनगर में चल रही अग्निवीर योजना अंतर्गत भारतीय सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के बारे में एस.टी.एफ फील्ड इकाई मेरठ पर साहिल भाटी पुत्र धर्मवीर निवासी ग्राम लुहारली थाना दादरी जनपद गौतमबुद्धनगर ने उपस्थित होकर बताया, उसका भाई प्रशांत मुजफ्फरनगर में अग्निवीर की भर्ती देख रहा है। जिसको संदीप नाम का लड़का मिला, जिसने इसके भाई को तनुज नाम के एक व्यक्ति का नम्बर दिया और तनुज ने नरेश नाम के एक व्यक्ति का नम्बर दिया। जिसने इसके भाई को आर्मी में भर्ती कराने के लिए 05 लाख रुपए देने को कहा। जिसमें से ढाई लाख रुपए व हाईस्कूल की मार्कशीट सोमवार को मिलिट्री हास्पिटल मेरठ के गेट पर नरेश को दे दिया। मंगलवार को मेडिकल टेस्ट होना हैं, जिसे पास कराने के लिए नरेश ने शेष ढाई लाख रुपए देने के लिए उसे मेरठ मिलिट्री हास्पिटल के गेट पर बुलाया हैं। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक अरुण कुमार निगम, हेड कांस्टेबल रकम सिंह, कांस्टेबल विकास सिरोही एंव कांस्टेबल रोमिश तोमर की टीम द्वारा मिलिट्री हॉस्पिटल मेरठ के गेट के पास से नरेश कुमार पुत्र सूरजपाल निवासी ग्राम मसौता थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया गया। 

ठगी की कहानी, आरोपी की जुबानी:

गिरफ्तार अभियुक्त नरेश ने संक्षिप्त पूछताछ पर बताया, मैं वर्ष-2009 का आर्मी में भर्ती हूॅ तथा वर्तमान में सिग्नल कोर हेड क्वार्टर-3 ई.डब्लू ब्रिगेड पूणे में हेड कांसटेबिल के पद पर तैनात हूँ। मैं अपने भाई सौरभ व तनुज पुत्र मलयबीर निवासी 289 ग्राम मोरपुर जनपद हापुड़ व संदीप तोमर पुत्र ऋषिपाल सिंह तोमर निवासी 47 गायत्री नगर शाहजहॉपुर जनपद हापुड़ के साथ मिलकर वर्ष-2018 से फर्जी तरीके से नौकरी की तलाश कर रहे युवकों को भ्रमित कर सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठगी करता हूं। चूकि मैं सेना में नौकरी करता हूॅ इसलिए लोग मेरी बातों पर यकीन कर लेते है।

सी.सी.एस.यू की छात्रा करेगी जापान में शोध।

मेरठ 27 सितंबर (CY न्यूज) चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग की छात्रा लविस्ता त्यागी शोध करने के लिए जापान जाएगी। जापान के शिक्षा, संस्कृति, खेल, विज्ञान और प्रौधोगिकी मंत्रालय तीन साल के लिए विज्ञान और इंजीनियरिंग के स्नातक स्कूल, सायतामा विश्वविद्यालय में डॉक्टरेट पाठयक्रम के लिए पूर्णकालिक स्कॉलरशिप प्रदान करता है। लविस्ता सायतामा विश्वविद्यालय के ग्रेजुएट स्कूल आफ साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत संचालित डेवलपमेंट आफ ग्रीन एंड सस्टेनेबल कैमिकल्स प्रोग्राम में तीन वर्ष के लिए पीएचडी में हुआ है। लविस्ता का चयन होने पर विभागाध्यक्ष प्रो.बीरपाल सिंह ने बधाई दी।

Monday, 26 September 2022

ट्रक और ट्रैक्टर ट्राली की भिड़ंत में 4 की मौत, 15 घायल।

ललितपुर 25 सितंबर (CY न्यूज) ललितपुर में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बम्होरी सर के निकट रविवार सुबह भीषण हादसा हुई। ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली की आमने सामने भिड़ंत में चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा मजदूर घायल हुए। जानकारी के मुताबिक एक ट्रैक्टर-ट्राली से मजदूर बम्हौरीसर से तालबेहट जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे तालबेहट कोतवाली क्षेत्र में ही बम्हौरीसर से निकलकर हाईवे पर पहुंचते ही हादसा हो गया। तालबेहट की तरफ से सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनंयंत्रित होकर सीधे ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ गया। ट्राली में महिलाओं समेत 20 से ज्यादा मजदूर थे। अधिकारियों के अनुसार गंभीर रूप से घायल कई मजदूरों को अस्पताल भेजा गया है।

सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को किया ढेर।

एके-47 समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद।

कुपवाड़ा (एजेंसी) 25 सितंबर (CY न्यूज) कश्मीर संभाग के जिला कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में एल.ओ.सी के पास सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया है। बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों ने नियंत्रण रेखा के पास दो आतंकियों को ढेर किया है। मौके से दो एके 47 राइफल और अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं। घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल मारे गए आतंकियों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।इससे पहले शनिवार की रात दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने दो बाहरी मजदूरों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। फायरिंग में घायल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आतंकियों के हमले में घायल मजदूरों की शिनाख्त बिहार के बेतिया जिले के शमशाद व फैजान कासरी के रूप में हुई है। दोनों काम कर रतनीपोरा लौट रहे थे तभी रास्ते में आतंकियों ने उन्हें रोककर गोली मार दी। खून से लथपथ होकर गिरने के बाद आतंकी भाग निकले। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां  उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। वहीं, 11 अगस्त को कश्मीर संभाग के बांदीपोरा में आतंकियों ने गैर-स्थानीय नागरिक पर फायरिंग की थी। इस हमले में नागरिक गोली लगने से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया था। मृत मजदूर की पहचान बिहार निवासी मजदूर मोहम्मद अमरेज के तौर पर हुई थी।

विधवा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म।

लोगों के सामने वादा करने के बाद भी मुकरा।

मुजफ्फरनगर 25 सितंबर (CY न्यूज) खतौली क्षेत्र में विधवा को शादी का झांसा देकर पड़ोसी युवक डेढ़ साल तक दुष्कर्म करता रहा। महिला ने शादी का दबाव बनाया तो उसने इन्कार कर दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत कर आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की गुहार लगाई है। कस्बा निवासी विधवा महिला ने मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय महिला आयोग को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि पड़ोस के एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसे समाज में सम्मान से जीवन यापन कराने का वायदा कर डेढ़ साल तक दुष्कर्म किया। 18 मार्च 2022 को दुल्हेंडी पर्व पर रंग खेलने के बहाने रात में उसके किराये के मकान में आ गया। उसके साथ शरीरिक संबंध बनाए। इसकी भनक उसके देवर को लगी तो उन्होंने मकान मालिक और पड़ोस के लोगों के साथ उसे पकड़ लिया। उसने छुड़वाने पर उससे शादी करने और सारी उम्र उसका साथ देने का वादा किया। इसके बाद भी शादी का झूठा आश्वासन देकर शरीरिक शोषण करता रहा। उसने शादी के लिए कहा तो मना कर दिया। पीड़ित महिला ने आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है। आरोपित की धरपकड़ के लिए टीम दबिश दे रही है।

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...