बता दें कि पोहल्ली गांव में दो दिन पूर्व दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया था। इसमें गोली लगने से सुरेश पुत्र तिलकराम की मौत हो गई थी। उसके पेट में एक गोली लगने की बात कही जा रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम के बाद उसके पेट से दो गोलियां निकली। परिजनों ने इस मामले में पुष्पेंद्र, अर्पण और शुभम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने शुभम और पुष्पेंद्र को तो गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि अर्पण अभी फरार है। दो दिन बाद भी उसकी गिरफ्तारी न होने से परिजनों में रोष है। शुक्रवार को थाने पहुंचे परिजनों ने गिरफ्तारी की मांग के लिए पुलिस का घेराव किया। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द मुख्य हत्यारोपी अर्पण को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। एसएसआई सुभाष सिंह ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। मोबाइल के आधार पर भी उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद परिजन शांत होकर लौट गए।
आर्मी में तैनात है अर्पण, छुट्टी लेकर आया था घर
सुरेश हत्याकांड में नामजद अर्पण आर्मी में तैनात है। फिलहाल वह छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ था। सीओ सरधना आरपी शाही ने बताया कि अर्पण के आर्मी में होने का पता चला है। उसकी जांच कराई जा रही है। साथ ही उसकी तलाश में दबिश भी जारी है।

No comments:
Post a Comment