Sunday, 18 July 2021

प्रधान पति ने मंत्री और विधायक के बोर्ड को हटवाया


मेरठ 18 जुलाई (चमकता युग) फलावदा थाना क्षेत्र के गांव बातनौर में शुक्रवार देर शाम ग्राम प्रधान पति सजाउद्दीन ने गांव के बाहर महलका मार्ग पर केंद्रीय मंत्री डॉ.संजीव बालियान और विधायक संगीत सोम के नाम के लगे बोर्ड को उतारकर तोड़ दिया और उस पर अपना फोटो लगा दिया। इस मामले की जानकारी गांव में जैसे ही ग्रामीणों को हुई तो उनमें ग्राम प्रधान पति सजाउद्दीन के खिलाफ आक्रोश हो गया। गांव के अनेक लोग मौके पर इकट्ठा हो गए तथा बोर्ड को फिर से लगाने की जिद पर अड़ गए। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर हंगामा कर दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि मंत्री और विधायक के नाम का बोर्ड गांव के पूर्व प्रधान आदेश सैनी ने लगवाया था। अब चुनी गईं प्रधान के पति द्वारा बोर्ड तोड़ने के मामले को लेकर गांव में तनाव जैसी स्थिति बन गई। भाजपा नेता ओम गुर्जर ने विधायक संगीत सोम के प्रतिनिधि गौरव प्रधान और थाना प्रभारी शिववीर भदौरिया को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और दोबारा बोर्ड लगाने का आश्वासन दिया। उधर, मामले की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को हुई तो रातों रात विधायक संगीत सोम एवं मंत्री संजीव बालियान का नया बोर्ड लगवा दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार उक्त मामले को लेकर शनिवार को भाजपा नेता जिला कार्यकारिणी सदस्य ओम गुर्जर, आरएसएस के जिला सद्भावना प्रमुख कृष्णपाल सैनी, मवाना खंड सेवा प्रमुख बृजपाल गौतम, डॉ. सुदेश सैनी, भाजपा नेता भूडिया सैनी, दिलावर आदि के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक संगीत सोम के आवास पर पहुंचकर उनके पीआरओ शेखर को मामले की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल की विधायक से भेंट नहीं हो सकी। रवि चौधरी, मास्टर सत्येंद्र, हुकुम सिंह सैनी, पोटा, दिलावर सिंह, आकाश, सोनू, सचिन, सेठपाल, हरेंद्र आदि रहे।

No comments:

Post a Comment

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...