Monday, 2 August 2021

प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार रोकने की मांग


मेरठ 02 अगस्त (चमकता युग) भारतीय उद्योग विकास व्यापार मंडल के अध्यक्ष व भाजपा नेता काजी शादाब ने सोमवार को नवनियुक्त केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्यमंत्री कौशल किशोर से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की और बुके देकर उनका सम्मान किया । इस मौके पर काजी शादाब ने मंत्री जी से मेरठ के डूडा विभाग  में प्रधानमंत्री आवास योजना में हो रहे हैं भ्रष्टाचार की शिकायत की और मंत्री जी को अवगत कराया कि पिछले लगभग 1 वर्ष से प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की प्रथम किश्त अभी तक भी जारी नहीं की गई है जिससे गरीब लोगों को असुविधा हो रही है । काजी शादाब ने मंत्री जी को अवगत कराया कि जो लाभार्थी विभाग के कर्मचारियों को सुविधा शुल्क दे देते हैं उनकी किश्त जारी कर दी जाती है और जो लाभार्थी सुविधा शुल्क नहीं दे पाते हैं उनके आवाज की किश्त जारी नहीं की जाती है । मंत्री जी ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने का आश्वासन दियाl इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉक्टर राजेश,आरिफ सैफी,हबीब अंसारी,दीपक कुमार,शहजाद जैदी आदि मौजूद रहे।

हिंदुस्तान यूनिटी मिशन द्वारा लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया।



मेरठ 02 अगस्त (चमकता युग) हिंदुस्तानी यूनिटी मिशन द्वारा लोगो को रक्तदान के लिए  के लिए एक बैठक का आयोजन माधव पुरम में विवेक भार्गव के ऑफिस पर किया गया। जिसमे मुख्य वक्ता संस्था के संस्थापक सुमित शर्मा एडवोकेट रहे। जिन्होंने रक्तदान के विषय में विस्तार से समझाया। बैठक की अध्यक्षता डा अरुण तिवारी और संचालन मीडिया प्रभारी दिनेश सैनी ने किया। बैठक में मुख्य रूप से सुनील मनोठिया, ललित गुप्ता,हिमांशु राजपूत,साहिल ठाकुर, संदीप छाबड़ा, रोहित,सचिन, सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।

Sunday, 1 August 2021

माधवपुरम बना नर्क पुरम, कौन है जिम्मेदार नगर निगम या कोई और?






मेरठ 01 अगस्त (चमकता युग) हर कोई जानता है बरसात का समय चल रहा है तो ऐसे में बारिश पड़ना लाजमी है। लेकिन जब बारिश पड़ती है तो सड़को और घरों में पानी भर जाता है जिसके चलते हर किसी को बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।सड़को पर पानी भरने के बाद पता ही नही चलता की सड़क कहाँ है और गड्डे कहाँ है जिस कारण दुर्घटना होने के आसार बढ़ जाते है।  ये ही हालत दिल्ली रोड स्थित माधव पुरम कॉलोनी की भी है। जहाँ थोड़ी बारिश भी होती है तो जलभराव का स्तर इतना हो जाता है की लोगो को अच्छी खासी परेशानियों को सामना करना पड़ता है।हाल ही में चल रहे कोरोना महामारी से लोग अभी उभरे भी नही है वही जलभराव और गंदगी होने के कारण डेंगू मलेरिया आदि घातक बीमारियों को दावत दे रहा है। माधव पुरम में कोई ऐसी जगह नही बचती जहां जलभराव और गंदगी न हो।जैसे की माधव पुरम में स्थित बिजली घर के पास बारिश के कारण जलभराव हुआ पड़ा है और गंदगी तो पहले से ही है क्या यह नगर निगम की लापरवाही है या इसका जिम्मेदार कोई और है।


पं.आशु शर्मा अध्यक्ष पश्चिम उ.प्र. संयुक्त व्यापार मंडल ने कहा कि माधव पुरम आवास विकास कॉलोनी है जिसे कई वर्ष पहले नगर निगम को सौंप दिया गया था। लाखों की आबादी वाले माधवपुरम क्षेत्र में जरा सी बारिश में जलभराव का होना क्षेत्रीय विधायक तथा नगर निगम की घोर लापरवाही का नतीजा है जिसे यहां की जनता को भुगतना पड़ रहा है।


संवाद फाउंडेशन के अन्न सेवा का लगातार 31वें हफ्ते आयोजन


मेरठ 01 अगस्त (चमकता युग) संवाद फाउंडेशन के संकल्प अन्न सेवा का लगातार 31वें हफ्ते का आयोजन संस्था के सदस्य सोफ्टवेयर इंजिनियर चिराग शर्मा के द्वारा आयोजित किया गया। अन्न सेवा संकल्प के अंतर्गत जरुरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री चिराग शर्मा के द्वारा भेंट कर उन्हें सहयोग प्रदान किया गया। संवाद फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रशांत कौशिक ने बताया कि संवाद फाउंडेशन लगातार संस्था के सदस्यों और सामाजिक लोगों के सहयोग से अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रहा है। चिराग शर्मा के द्वारा अन्न सेवा संकल्प में सहभागिता करने के लिए संवाद फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रशांत कौशिक ने उनका आभार व्यक्त किया, साथ ही सत्यपाल दत्त शर्मा, शशि बाला शर्मा, मिनाक्षी शर्मा, पंडित अश्वनी कौशिक, डॉ. गौरव पाठक, जीतू सिंह नागपाल, पूजा सिंह, जगमोहन शाकाल, डॉ. विशाल शर्मा, संजीव कुमार शर्मा एडवोकेट, राजकुमार गोयल, अनिरुद्ध शर्मा, सचिन अरोड़ा, शरद गुप्ता, दीपक शर्मा, विजय शर्मा, दुष्यन्त शर्मा, अनिल भारद्वाज ने भी उन्हें इस पुनीत कार्य के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करना हम सभी का दायित्व है।

गाड़ी के कवर चुराता है चोर, पहचान करने वाले को रु.500 का इनाम।


मेरठ 01 अगस्त (चमकता युग) मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में एक ऐसे चोर की वीडियो सामने आई है, जो गाड़ियों के कवर चुराता है। वीडियो एक अगस्त की सुबह की बताई गई है। आरोपी को पहचानने वाले पर 500 रुपये का इनाम भी रखा गया है।

वायरल वीडियो लिसाड़ी गेट की मदीना कॉलोनी का है। यहां रविवार सुबह करीब चार बजे एक चोर कार के ऊपर से कवर चोरी कर ले जा रहा है। इस दौरान आरोपी की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए कार के मालिक ने आरोपी की पहचान बताने पर 500 रुपये का इनाम भी घोषित किया है। लिसाड़ीगेट पुलिस को भी शिकायत दी गई है।


मेरठ में हिस्ट्रीशीटर के सिर में गोली मारकर हत्‍या, शव बरामद होने वाली कार पर लिखा था प्रदेश मंत्री


मेरठ 01 अगस्त (चमकता युग) कांवड़ मार्ग पर जानी कला गांव के सामने रविवार अलसुबह कार सवार हिस्‍ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को मृतक का शव कार में पड़ा हुआ मिला। कार के पास ही एक तमंचा भी मिला है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार पर प्रदेश मंत्री लिखा हुआ था। हालाकि अभी अस बात की जानकारी नहीं है कि गाड़ी पर प्रदेश मंत्री क्‍यों लिखा था। पुलिस का मानना है कि हो सकता है कि बचने के लिए उसने ऐसा लिखा हो। पुलिस ने बताया कि मृतक बिजनौर का हिस्‍ट्रीशीटर था।

रविवार सुबह राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी की कांवड़ मार्ग पर जानी कला गांव के सामने एक कार में हिस्‍ट्रीशीटर का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस को तलाशी में कार से एक आधार कार्ड मिला। जिसके आधार पर मृतक की पहचान मुकीत अहमद निवासी मौजपुर दिल्ली के रूप में हुइ। कार पर प्रदेश मंत्री भी लिखा हुआ था। मुकीत के सिर में गोली लगी थी। कार के पास ही पुलिस को एक तमंचा भी पड़ा हुआ मिला है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि मुकीत अहमद बिजनौर के उमरी कला गांव का रहने वाला था। वर्तमान में परिवार के साथ दिल्ली के मौजपुर में रह रहा था। मुकीत बिजनौर जिले का हिस्ट्रीशीटर भी था। शनिवार देर रात मुकीत किराए पर दिल्ली से कार में सवारी लेकर चला था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दिल्‍ली में कपड़े का काम करता था

पुलिस ने प्राथमिक जानकारी के आधार पर बताया कि हिस्‍ट्रीशीटर मुकीत अहमद दिल्‍ली में कपड़ा बेंचने का काम करता था। यह बिजनौर जिले का हिस्‍ट्रीशीटर रह चुका था। पिछले काफी समय से यह दिल्‍ली में ही रहता था। शनिवार को यह किसी के बुलावे पर वहां से उसके साथ निकला था। लेकिन रास्‍ते में रविवार की सुबह इसका शव बरामद हुआ।







सरधना में आफत बनकर बरसी बारिश, तीन मकान गिरे


मेरठ/सरधना 01 अगस्त (चमकता युग) बारिश सरधना में आफत बनकर बरस रही है। मोहल्ला भाटवाड़ा में दो लोगों के मकान की छत भरभराकर गिर गई। परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। भारी नुकसान दोनों मकानों में हुआ। इसके अलावा शनिवार सुबह नवाबगढ़ी में एक मकान की छत व दीवार गिर गई। यहां भी भारी नुकसान हुआ। गनीमत रही की कोई मलबे की चपेट में नहीं आया। लोग मलबे में दबे सामान को निकालने में जुटे हुए थे।

पहली घटना शुक्रवार देर रात मोहल्ला भाटवाड़ा में हुई। यहां मामचंद पुत्र तौखीराम और महेश पुत्र जनेश्वर का मकान है। मकान का काफी हिस्सा कच्चा है। दिनभर हुई बारिश के बाद देर रात दोनों के मकान भरभराकर गिर गए। घटना से कुछ देर पहले ही परिवार के सदस्य बाहर निकल गए थे। यदि अंदर होते तो बड़े हादसे का शिकार हो जाते। छत और दीवार के मलबे में दबकर दोनों के मकान में भारी नुकसान हुआ। काफी कीमती सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। छत गिरने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़ पड़े। उन्होंने मशक्कत कर मलबे में दबे सामान को बाहर निकाला। दूसरी घटना शनिवार सुबह नवाबगढ़ी गांव में हुई। यहां अरशद पुत्र निजामुद्दीन का परिवार रहता है। निजामुद्दीन ने मकान में ही पावरलूम मशीन लगा रखी है। सुबह तेज धूप निकली तो अचानक अरशद के मकान की छत गिर गई। घटना के वक्त परिवार के सदस्य बाहर थे जिसके चलते बड़ा हादसा होने से बच गया। छत के मलबे में पावरलूम मशीनें और अन्य कीमती सामान दब गया। अरशद के अनुसार उसे कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ितों ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।

जानलेवा हमला प्रकरण : स्कूटी की जांच करने पहुंची फॉरेंसिंक टीम


मेरठ/सरधना 01 अगस्त (चमकता युग) छुर निवासी युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में शनिवार को फॉरेंसिक टीम उसकी स्कूटी की जांच करने थाने पहुंची। टीम ने जांच पड़ताल की और स्कूटी के फोटो भी लिए। बाद में टीम यहां से चली गई।

बतादें कि छुर निवासी विपिन पुत्र जगमेहर पर 15 दिन पूर्व भामौरी गांव में जानलेवा हमला हो गया था। उस पर गोलियां चलाई गईं थी। उसने तीन लोगों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। 15 दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने से के विरोध में शुक्रवार को भाकियू और रालोद कार्यकर्ताओं ने थाने में प्रदर्शन किया था। थाना प्रभारी ने फॉरेंसिक टीम से जांच कराने और उसके बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया था। शनिवार को फॉरेंसिक टीम विपिन की थाने में खड़ी स्कूटी की जांच करने पहुंची। टीम ने जांच पड़ताल की साथ ही फोटोग्राफी भी की। बाद में टीम अपनी जांच पूरी कर यहां से चली गई। अब टीम क्या जांच रिपोर्ट देती है उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत


मेरठ 01 अगस्त (चमकता युग) हस्तिनापुर मखदूमपुर मार्ग पर कुंडा मोड़ के समीप बाइक सवार की अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। पुलिस घायल को लेकर थाना पहुंची जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मृतक की हत्या होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।

शनिवार को सोनू पुत्र महफूज निवासी फलावदा रोड मवाना बाइक से खादर क्षेत्र में गया था। वह पशुओं के खरीदने बेचने का कार्य करता है। शाम सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि हस्तिनापुर मखदूमपुर मार्ग पर कुंडा मोड़ पर एक व्यक्ति पड़ा हुआ है और उसकी बाइक भी वहीं पर गिरी पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस उसे सीएचसी ले आई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही इसकी सूचना परिजनों को मिली तो सैकड़ों लोग सीएचसी पहुंच गए और सोनू की हत्या का अंदेशा जताते हुए हंगामा करने लगे। जिस पर थाना प्रभारी अशोक सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद लोगों ने शव ले जा रही गाड़ी को थाने के सामने रोकने का प्रयास किया परंतु पुलिस ने समझा बुझाकर गाड़ी को आगे जाने दिया। परिजनों ने थाने पर कोई भी तहरीर नहीं दी है। थाना प्रभारी अशोक सिंह का कहना है कि सिर में चोट लगी है। संभवतया किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से सोनू की मौत हुई हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

केक काटकर मनाया गया कुंवर बासित अली का जन्मदिन


मेरठ 01 अगस्त (चमकता युग) भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष व भाजपा नेता काजी शादाब ने आज भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष कुंवर बासित अली का जन्मदिन उनके निवास पर केक काटकर जोरदार तरीके से मनाया । इसके साथ ही उन्होंने जरूरतमंद तथा गरीब लोगों को फलों का वितरण भी किया। इस मौके पर प्रमुख रूप से मुख्तियार अली गुड्डू,नासिर सैफी,राशिद एडवोकेट,राहुल लोधी,सुधीर कुमार गुप्ता,रिंकू कुमार,अख्तर अब्बास आदि मौजूद रहे ।

प्रधानाध्यापिका द्वारा हुआ पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन।

मेरठ : उच्च प्राथमिक विद्यालय गगोल मेरठ में स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा.कविता गुप्ता के द्वारा पुरातन छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।...